फतेहाबाद। गांव झलनिया में होली के दौरान हुए झगड़े की रंजिश में 40 वर्षीय महेंद्र की हत्या कर दी गई। आरोप है कि सोमवार रात काम से बाइक पर घर लौट रहे महेंद्र को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों और तलवार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल महेंद्र ने गली में ही दम तोड़ दिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर गांव के पांच लोगों के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और साझा मंशा की धाराओं में केस दर्ज किया है।

काम से लौटते समय रास्ते में घेरा

मृतक की पहचान गांव झलनिया निवासी महेंद्र के रूप में हुई है। वह मकानों में टाइल लगाने का काम करता था। महेंद्र शादीशुदा था और उसकी कोई संतान नहीं थी। परिवार के अनुसार, एक बच्चे का जन्म हुआ था, लेकिन कुछ दिन बाद उसकी मौत हो गई थी।

महेंद्र के भाई बुधराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 अगस्त की रात करीब 9 बजे के बाद महेंद्र बाइक से काम खत्म कर घर लौट रहा था। गांव में पहुंचने पर कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया।

बुधराम के मुताबिक, उसने देखा कि अजय और रामू दोनों भाई तथा सतीश महेंद्र को घेरकर डंडों और तलवार से हमला कर रहे थे। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। महेंद्र गंभीर हालत में गली में पड़ा रहा। बाद में उसकी मौत हो गई।

होली के झगड़े के बाद हुआ था राजीनामा

बुधराम ने शिकायत में बताया कि होली पर महेंद्र और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि देवेंद्र ने बाबा साहब अंबेडकर पर टिप्पणी की थी। इसके बाद उसने महेंद्र को थप्पड़ मार दिया था।

बाद में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था। महेंद्र के भाई का आरोप है कि देवेंद्र और उसके भाई दर्शन सिंह ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साजिश के तहत महेंद्र की हत्या करवाई।

हत्या की जिम्मेदारी लेने का वीडियो सामने आया

घटना के बाद एक वीडियो सामने आया है। इसमें तीन युवक झलनिया में हुई हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक हत्या और गवाही देने वालों को धमकी देता दिखाई दे रहा है।

वीडियो में युवक यह भी कहता है कि जो बीच में आएगा, उसके साथ भी ऐसा ही किया जाएगा। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज

घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सदर थाना पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल फतेहाबाद पहुंचाया। पुलिस ने महेंद्र के भाई की शिकायत पर देवेंद्र, दर्शन सिंह, अजय, रामू और सतीश के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर BNS की धारा 103(1) हत्या, 61 आपराधिक षड्यंत्र और 3(5) साझा मंशा के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m