फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद जिले के गांव खजूरी जाटी में देर रात करीब तीन बजे तेज बारिश के दौरान एक मकान पर आसमानी बिजली गिर गई। सीधे कमरे पर बिजली गिरने के कारण छत का आधा हिस्सा ढह गया और वहां सो रही 58 साल की नन्हीं देवी मलबे के नीचे दब गईं। परिजनों द्वारा निजी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने मलबे से निकाला बाहर
हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे। तेज धमाके की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा खोला गया, जहां नन्हीं देवी की चारपाई मलबे के नीचे फंसी हुई थी। ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तुरंत बाहर निकाला और फतेहाबाद के एक निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया। मृतका नन्हीं देवी के दो शादीशुदा बेटे हैं। उनके बेटे रणजीत ने बताया कि यह हादसा देर रात करीब तीन बजे हुआ। इस अचानक हुए हादसे के बाद से खजूरी जाटी गांव में मातम पसरा हुआ है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



