Fatehabad Son Kills Father : फतेहाबाद: हरियाणा के फतेहाबाद में पिता-पुत्र के रिश्ते को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। पुरानी तहसील इलाके में घरेलू विवाद के दौरान 34 वर्षीय बेटे विजय ने अपने 61 वर्षीय पिता धर्मपाल के सिर पर लकड़ी से कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण धर्मपाल की मौत हो गई। बड़े बेटे सतीश की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी विजय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर में मौजूद थे पिता और छोटा बेटा
जानकारी के मुताबिक, धर्मपाल अपने परिवार के साथ पुरानी तहसील क्षेत्र में किराए के मकान में रहते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक विवाहित बेटी है। बड़ा बेटा सतीश एक दुकान पर काम करता है, जबकि छोटा बेटा विजय मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है।
घटना के समय घर में धर्मपाल और विजय मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर विजय ने पास में रखी लकड़ी उठाई और पिता के सिर पर लगातार वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से धर्मपाल जमीन पर गिर पड़े और खून से लथपथ हो गए।
सूचना मिलने पर घर पहुंचा बड़ा बेटा
घटना की जानकारी परिवार के एक सदस्य ने दुकान पर काम कर रहे सतीश को दी। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचा, जहां उसके पिता गंभीर हालत में पड़े थे। परिजन धर्मपाल को अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
बड़े बेटे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विजय के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी में पिता-पुत्र के बीच विवाद को वारदात की वजह बताया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

