फतेहाबाद। शहर में भूना मोड़ के पास पैसों के लेन-देन के विवाद में 20-25 युवकों द्वारा 5 युवकों पर लाठी-डंडों और राड से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में चार युवक किसी तरह भागकर बच निकले, जबकि हैप्पी नाम के युवक को हमलावरों ने घेरकर पीटा। हमले में उसकी टांग टूट गई। बीच बचाव और भागने के दौरान दोनों बाइकों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
गंभीर रूप से घायल हैप्पी को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर काफी देर तक हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

आईफोन तोड़ा, ससुराल तक पीछा करने का आरोप
बरसीन निवासी रिपन मेहता, जो फिलहाल आरके कॉलोनी में रहते हैं, ने बताया कि वह हैप्पी और तीन अन्य दोस्तों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर हिसार रोड की तरफ से आ रहा था। भूना मोड़ के सामने पहुंचते ही सतीश नाम का व्यक्ति 20-25 अन्य साथियों के साथ लाठी, डंडे और राड लेकर आया।
रिपन के मुताबिक, आरोपियों ने आते ही उन पर हमला कर दिया। हाथापाई में उसका आईफोन टूट गया। वहीं हैप्पी को बुरी तरह पीटा गया, जिससे उसकी टांग टूट गई।
रिपन ने आरोप लगाया कि इसके बाद हमलावर उसका पीछा करते हुए सुंदर नगर स्थित उसके ससुराल के घर तक पहुंच गए। वहां भी हंगामा किया गया और हल्का पथराव किया गया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पैसों के विवाद में हमले का आरोप
रिपन मेहता ने बताया कि उसका सतीश के साथ रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा है। उसके अनुसार, वह सतीश से अपने पैसे वापस मांग रहा था। रिपन ने इसी विवाद के चलते हमला किए जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष के बयान लिए जा रहे हैं। इन्हीं बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



