करनाल। जिले में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। ठगों ने तीन लोगों के बैंक खातों से कुल 7 लाख 22 हजार 227 रुपए निकाल लिए। दो मामलों में मोबाइल फोन हैक होने के बाद यूपीआई और बैंक खातों से रकम ट्रांसफर हुई, जबकि तीसरे मामले में डेबिट कार्ड बनाने के नाम पर फोन कर बैंक खाते से 2 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए गए। साइबर क्राइम थाना करनाल ने तीनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मोबाइल हैक होने के बाद 4 ट्रांजैक्शन

गांव ब्याना निवासी पंकज कुमार ने शिकायत में बताया कि उसके साथ 15 और 16 सितंबर को साइबर ठगी हुई। शिकायत के अनुसार 15 सितंबर को दोपहर करीब 1:41 बजे उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया।

इसके बाद उसकी जानकारी और अनुमति के बिना एसबीआई खाते से यूपीआई के जरिए रकम निकाल ली गई। 15 सितंबर को दोपहर 1:41 बजे 95,878 रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ।

इसके बाद 16 सितंबर को दोपहर 3:16 बजे 56 हजार रुपए, 3:17 बजे 20 हजार रुपए और 3:24 बजे 20 हजार रुपए निकाले गए। चारों ट्रांजैक्शन में कुल 1 लाख 91 हजार 878 रुपए निकाले गए।

न मैसेज मिला, न पता चला फोन कैसे हैक हुआ

पंकज कुमार के अनुसार ये सभी ट्रांजैक्शन उसने नहीं किए। खाते से पैसे निकलने से पहले उसे कोई जानकारी या संदेश भी नहीं मिला। उसे यह भी पता नहीं है कि मोबाइल फोन किस तरह हैक हुआ और खाते से पैसे किसने निकाले।

शिकायतकर्ता ने साइबर पुलिस से मोबाइल फोन, यूपीआई ट्रांजैक्शन, बैंक खाते और संबंधित लाभार्थी खातों की जांच करने की मांग की है। उसने निकाली गई रकम को ट्रेस कर वापस दिलाने की कार्रवाई का भी अनुरोध किया।

पंचकूला से आई जीरो एफआईआर

यह मामला नोडल साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन पंचकूला, हरियाणा से सीसीटीएनएस के जरिए करनाल थाने में जीरो एफआईआर के रूप में प्राप्त हुआ था।

शिकायत की जांच के बाद 18 सितंबर को साइबर क्राइम थाना करनाल में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर मुकेश कुमार कर रहे हैं।

दूसरे मामले में 2.90 लाख रुपए निकले

जुंडला गेट स्थित इंद्रा कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने साइबर क्राइम थाना करनाल में शिकायत दी। उसने बताया कि 8 अगस्त को उसका फोन हैक हो गया था।

इसके बाद उसके इंडियन बैंक और एसबीआई के खातों से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 2 लाख 90 हजार 349 रुपए निकाल लिए गए।

डेबिट कार्ड बनाने के नाम पर 2.40 लाख की ठगी

तीसरे मामले में ठगों ने डेबिट कार्ड बनाने के नाम पर फोन किया। इसके बाद संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते से 2 लाख 40 हजार रुपए निकाल लिए गए।

साइबर क्राइम थाना करनाल ने इस मामले में भी एफआईआर दर्ज की है। तीनों मामलों की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m