कुलदीप सिंह, फतेहपुर. थरियांव थाना क्षेत्र में एक ही शातिर आरोपी और उसके परिवार द्वारा किए गए बड़े फर्जीवाड़े और ठगी का मामला सामने आया है. आरोपी सुमित सिंह पर एक तरफ जहां फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाकर सरकारी धन हड़पने और सीएमओ द्वारा कार्ड निरस्त होने के बावजूद कार्रवाई न होने का गंभीर आरोप है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर आठ बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी का मामला भी उजागर हुआ है.
बता दें कि ग्राम गडरियनपुर (मजरे मुरांव) निवासी राधेश्याम पाल जो कि विकलांग है. जिलाधिकारी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि रामपुर थरियांव निवासी सुमित सिंह पुत्र अर्जुन सिंह ने अधिकारियों से साठ-गांठ कर अपने परिवार के सदस्यों सुनीता, अर्जुन सिंह और ज्ञान सिंह के साथ मिलकर कूट रचित दस्तावेज तैयार किए. आरोप है कि सामान्य और ओबीसी वर्ग से होने के बावजूद इन्होंने विकलांग कल्याण विभाग के कर्मचारियों की मिलीभगत से फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र व कार्ड बनवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लिया और लाखों रुपये का आहरण कर लिया.
इसे भी पढ़ें : KFC के फ्राइड चिकन में निकला कीड़ा! ग्रेटर नोएडा में ग्राहक के उड़ गए होश, वीडियो वायरल
शिकायत पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), ने 6 मई 2025 को सभी आरोपियों के दिव्यांग कार्ड निरस्त कर दिए थे. जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से यह निर्देश भी दिए गए थे कि एक सप्ताह के भीतर अवैध रूप से आहरित धनराशि जमा न होने पर एफआईआर दर्ज की जाए, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी न तो रिकवरी हुई और न ही कोई कानूनी कार्रवाई की गई.
फर्जीवाड़े का यह सिलसिला यहीं नहीं रुका. इसी आरोपी सुमित सिंह ने क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को भी अपना शिकार बनाया. घोरहा निवासी रामू ने बताया कि आरोपी ने वर्ष 2023 में उनके बेटे को पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 2,50,000 रुपये (ढाई लाख रुपये) ठग लिए. इसमें से 40,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे. जबकि 2,10,000 रुपये नगद लिए गए थे. न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए.
इसे भी पढ़ें : ‘अब यहीं रहूंगी…’ बॉयफ्रेंड के घर पर नाबालिग का हाईवोल्टेज ड्रामा! बोली- ‘जान दे दूंगी पर यहां से नहीं जाऊंगी’
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सुमित सिंह ने केवल रामू ही नहीं, बल्कि कुल आठ अलग-अलग लोगों के साथ नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की है. इस मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. एक ही शख्स द्वारा सरकारी धन के गबन और नौकरी के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी किए जाने से इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है.



