गौतमबुद्धनगर. ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल स्थित KFC आउटलेट में फ्राइड चिकन के अंदर कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है. ग्राहक ने चिकन का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद खाद्य गुणवत्ता और हाइजीन को लेकर सवाल उठने लगे. घटना 5 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है.
इसे भी पढ़ें- UP चुनाव 2027: अखिलेश यादव ने खेला ‘महिला कार्ड’, आरती यादव को दी राष्ट्रीय स्तर पर सबसे बड़ी जिम्मेदारी
चिकन के अंदर दिखा रेंगता हुआ कीड़ा
जानकारी के मुताबिक, ग्राहक वीकेंड पर गौर सिटी मॉल पहुंचा था. उसने KFC आउटलेट से फ्राइड और क्रिस्पी चिकन ऑर्डर किया. खाना शुरू करने के दौरान उसे चिकन के टुकड़े के अंदर कीड़ा दिखाई दिया. यह देखकर ग्राहक हैरान रह गया और उसने तत्काल इसकी शिकायत की. घटना की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया.
वीडियो वायरल, सोशल मीडिया पर गुस्सा
ग्राहक ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और KFC इंडिया के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग को भी टैग किया. उसने सवाल उठाया कि इतने बड़े फूड ब्रांड के आउटलेट पर हाइजीन और क्वालिटी कंट्रोल में इतनी गंभीर चूक कैसे हो सकती है. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए.
KFC इंडिया ने मांगी माफी
मामला बढ़ने के बाद KFC इंडिया ने ग्राहक की सोशल मीडिया पोस्ट का जवाब दिया. कंपनी ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि वह अपने भोजन की गुणवत्ता से समझौता नहीं करती. KFC ने ग्राहक से ऑर्डर से जुड़ी पूरी जानकारी साझा करने को कहा, ताकि मामले की जांच की जा सके.
इसे भी पढ़ें- ‘मैदान में जुट जाएं कार्यकर्ता!’ केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 चुनाव का फूंका बिगुल, कार्यकर्ताओं के लिए तय कर दिया बड़ा टारगेट
खाद्य विभाग की जांच पर नजर
सोशल मीडिया पर शिकायत सामने आने के बाद खाद्य विभाग की ओर से भी संबंधित आउटलेट की जांच किए जाने की बात सामने आई है. अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि चिकन के अंदर कीड़ा कैसे पहुंचा और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं. फिलहाल ग्राहक द्वारा साझा किए गए वीडियो के आधार पर मामला चर्चा में है और जांच के नतीजे का इंतजार किया जा रहा है.



