फतेहपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। स्पीड लेजर गन, ब्रेथ एनालाइजर और डेसीबल मीटर से लैस यह वाहन हाईवे और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों में तैनात रहेगा।

कुलदीप सिंह, फतेहपुर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए फतेहपुर पुलिस ने एक नई और प्रभावी पहल की है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने आज एक अत्याधुनिक चार पहिया इंटरसेप्टर वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले की यातायात व्यवस्था को तकनीकी रूप से उन्नत और पारदर्शी बनाने में मदद करेगा।

आधुनिक उपकरणों से लैस

नवागत इंटरसेप्टर वाहन कई आधुनिक उपकरणों से लैस है, जिनके जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत और पुख्ता कार्रवाई की जाएगी।

वाहन में लगी स्पीड लेजर गन के माध्यम से तेज रफ्तार वाहनों की सटीक गति मापकर चालान किया जाएगा। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रेथ एनालाइजर का उपयोग होगा।

अनाधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न की जांच के लिए डेसीबल मीटर का इस्तेमाल किया जाएगा। सभी कार्रवाई डिजिटल माध्यम से साक्ष्यों (प्रमाणों) के साथ पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएंगी।

ब्लैक स्पॉट्स पर रहेगी नजर

पुलिस प्रशासन के अनुसार, यह इंटरसेप्टर वाहन जिले के दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स), चिन्हित क्रिटिकल थानों, प्रमुख हाईवे तथा शहर के प्रवेश व निकास मार्गों पर रोटेशन (चक्रानुसार) के आधार पर तैनात किया जाएगा।

इसके जरिए स्टंट बाइकिंग, रैश ड्राइविंग (लापरवाही से गाड़ी चलाना) और अन्य खतरनाक ड्राइविंग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि आम जनता का सफर सुरक्षित हो सके।