फतेहपुर के सर्वोदय इंटर कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं को लेकर चार घंटे तक प्रदर्शन करने वाले छात्रों के मददगारों और 80 बाहरी चेहरों की पहचान में पुलिस जुट गई है। दूसरी ओर आंदोलन की अगुवाई करने वाले छात्र अंकुर कुमार ने इंस्टाग्राम पर आईडी बनाकर समर्थन जुटाना शुरू कर दिया है।
फतेहपुर। जिले के सर्वोदय इंटर कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर महज चार घंटे के भीतर अपनी मांगें मनवाने वाले छात्र-छात्राओं के इस आंदोलन में अब नया मोड़ आ गया है। इस प्रदर्शन में शामिल रहे बाहरी मददगारों की तलाश में पुलिस और प्रशासनिक महकमा मुस्तैदी से जुट गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट शासन के उच्च अधिकारियों को भी भेज दी गई है।
80 बाहरी चेहरों की हुई पहचान
प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो फुटेज को खंगालकर एक-एक व्यक्ति की शिनाख्त की जा रही है। जांच में अब तक 80 ऐसे चेहरे सामने आए हैं जो न तो स्कूल के विद्यार्थी हैं और न ही वहां के शिक्षक।

इनमें से अधिकांश स्कूल के आसपास रहने वाले अभिभावक और स्थानीय दुकानदार हैं। हालांकि, कुछ संदिग्ध चेहरों की मौजूदगी मिलने पर पुलिस गहराई से तहकीकात कर रही है।
छात्र ने इंस्टाग्राम पर मांगा समर्थन
प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले छात्र अंकुर कुमार ने सोशल मीडिया का रुख करते हुए इंस्टाग्राम पर एक विशेष आईडी तैयार की है। इस आईडी के जरिए उसने आंदोलन से जुड़े हर छात्र-छात्रा से एकजुट होने की अपील की है, जिससे अब तक 74 लोग जुड़ चुके हैं।

अंकुर ने स्पष्ट किया है कि आगे की सभी जानकारियां इसी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से साझा की जाएंगी।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जारी
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, स्कूल में जायज मांगों के लिए आवाज उठाना गलत नहीं है, लेकिन यदि कोई छात्रों का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहा है तो उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। दूसरी ओर डीआईओएस राकेश कुमार की मौजूदगी में जेसीबी लगाकर स्कूल के खेल मैदान की सफाई कराई गई।
प्रधानाचार्य लाल बहादुर सिंह की देखरेख में परिसर में 20 नए पंखे और 2 वाटर कूलर लगवा दिए गए हैं। विद्यालय के विकास शुल्क फंड में मौजूद 9 लाख रुपये से ये सभी कार्य कराए जा रहे हैं और स्कूल में पढ़ाई फिर से शुरू हो चुकी है।


