कुलदीप सिंह, फतेहपुर. खागा कोतवाली क्षेत्र के धरमंगदपुर नरवा गांव में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर उसके परिवारजनों के साथ मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है. पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है.

बता दें कि ​पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया है कि शिवबाबू नाम के युवक से उसकी जान-पहचान थी. आरोप है कि 10 दिसंबर 2025 को शिवबाबू ने उसे अपने घर बुलाया और शादी का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए. जब पीड़िता ने इस बात की शिकायत अपने घर पर की तो परिजनों ने आरोपी के घर जाकर शिकायत की थी. शिकायत के बाद आरोपी पक्ष ने आश्वासन दिया कि वे बालिग होने पर दोनों की शादी करा देंगे, क्योंकि अभी युवती की उम्र में कुछ महीने कम हैं. आरोप है कि इसके बावजूद शिवबाबू लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा.

इसे भी पढे़ं : ‘एक झटके में उजड़ गई दुनिया!’ ट्रांसफार्मर में घुसी बेकाबू कार, 3 दोस्तों ने तड़प-तड़पकर तोड़ा दम; 3 की हालत देख अस्पताल में मची चीख-पुकार

मामला तब बिगड़ा जब 5 सितंबर को आरोपी शिवबाबू के पिता झल्लर, मां आशा देवी और भाई नीरज ने पीड़िता को घर से मारपीट कर भगा दिया और साथ रखने से साफ इंकार कर दिया. जब पीड़िता ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी और उसके माता-पिता व मौसी सुमन देवी उलाहना देने आरोपी के घर गए, तो आरोपियों ने तीनों की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं. आरोपियों ने पीड़ित परिवार को धमकी दी कि यदि कहीं शिकायत की तो जान से मार देंगे.

पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसने इस घटना की सूचना स्थानीय थाना खागा की पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस ने जांच के नाम पर टालमटोल करते हुए कोई कार्रवाई नहीं की. मजबूरन पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश होकर प्रार्थना पत्र दिया है और मामले में रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.