कुमार इंदर, जबलपुर। चरगंवा थाना क्षेत्र स्थित भड़पुरा घाट पर नर्मदा नदी के तेज बहाव में बहे पिता-पुत्र के हादसे में दो दिन बाद पिता का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, 10 साल के मासूम बच्चे की तलाश अब भी जारी है। नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ा होने और उफान के कारण एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF) और स्थानीय गोताखोरों की टीमों को रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बेटे को बचाने के लिए पिता ने लगाई थी छलांग

मिली जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के जलगांव से 15 लोगों का एक परिवार जबलपुर आया हुआ था। यह परिवार चरगंवा स्थित सुनील महाराज के आश्रम में ठहरा था। घटना वाले दिन पूरा परिवार नर्मदा दर्शन के लिए भड़पुरा घाट पहुंचा था। इसी दौरान पैर फिसलने से 10 साल का मासूम बच्चा नदी के उफनते पानी में बहने लगा। बेटे को डूबता देख पिता ने बिना सोचे-समझे नर्मदा नदी में छलांग लगा दी, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि दोनों ही बह गए।

2 किलोमीटर दूर मिला शव, आसपास के जिलों को दी गई सूचना

घटना के दो दिन बाद पिता का शव हादसे वाली जगह से करीब 2 किलोमीटर दूर बरामद हुआ है। चरगंवा थाना पुलिस ने बच्चे की तलाश तेज कर दी है। उफनती नदी में शव के बहकर आगे जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने नरसिंहपुर और नर्मदापुरम जिलों के पुलिस थानों व गोताखोर टीमों को भी सूचना भेज दी है। फिलहाल, बच्चे का सुराग लगाने के लिए नदी के तटीय इलाकों में लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m