प्रतीक पटनायक, धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में इन दिनों बदमाशों के हौसले बुलंद है। ताजा मामला कोतवाली थाना इलाके से सामने आया है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों पर लाठी-डंडे, ईंट और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया है। इस घटना में तीनों घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घात लगाकर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, दानी टोला वार्ड में रहने वाले धनीराम साहू और उनके दो बेटे देमेंद्र साहू और गुलशन साहू़ रविवार रात में सोने की तैयारी कर रहे थे कि इतने में घर के बाहर अचानक ईंट पत्थरों की बारिश शुरू हो गई, जब बाप बेटे बाहर निकले तो घात लगाए बैठे उपद्रवियों ने उनपर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। उन तीनों पर लाठी-डंडे, ईंट और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया।

सामने आई हमले की वजह

बताया जा रहा है कि आरोपी तालाब में मछली पकड़ते थे और उन्हें शक था कि धनीराम का परिवार उनके बारे में ढीमरा समाज को मुखबिरी करता है। बस इसी शक की वजह से इस पूरे परिवार को लहूलुहान कर दिया गया।

परिवार ने की कार्रवाई की मांग

फिलहाल तीनों घायल बाप-बेटों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सवाल ये है कि धमतरी में चाकूबाजी का ये सिलसिला कब थमेगा और कब तक मासूम लोग इस तरह के शक का खामियाजा भुगतते रहेंगे। घायल परिवार इंसाफ की गुहार लगा रहा है और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H