कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर से एक दहला देने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि बेटी के साथ छेड़खानी और वर्षों से चल रहे उत्पीड़न का विरोध करने पर दबंगों ने उसके पिता पर चाकू से हमला कर दिया। लहूलुहान पिता को लेकर छोटी बेटी खुद थाने पहुंची। वहीं, पुलिस संरक्षण और कार्रवाई न होने से आहत पीड़िता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वह एसपी ऑफिस के सामने आत्मदाह कर लेगी।
रास्ते में रोककर पिता पर किया चाकू से हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी पिछले 5 वर्षों से युवती की बड़ी बहन को लगातार परेशान कर रहा था और उसके साथ छेड़खानी कर रहा था। जब पीड़िता के पिता हीरालाल साहनी घर लौट रहे थे, तो रास्ते में हेमंत सिंह राजपूत और अभिनव यादव ने उन्हें घेर लिया और विरोध करने पर उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में हीरालाल साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उनकी छोटी बेटी खून से लथपथ हालत में सीधे सिविल लाइन थाने लेकर पहुँची।
“आरोपी की बहन टीआई है, इसलिए नहीं हो रही कार्रवाई”
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि इस मामले की शिकायत उसने कई बार थानों में की, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। परिवार का आरोप है कि आरोपी की बहन पुलिस विभाग में टीआई (TI) के पद पर तैनात है, जिसके प्रभाव और दबाव के चलते स्थानीय पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने से बचती रही है।
पीड़िता पहले कर चुकी है आत्महत्या की कोशिश
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी की निरंतर प्रताड़ना और पुलिस की निष्क्रियता से तंग आकर पीड़ित युवती पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुकी है। अब एक बार फिर न्याय न मिलने पर उसने खुली चेतावनी दी है कि यदि पुलिस ने त्वरित और सख्त कदम नहीं उठाए, तो वह मजबूर होकर एसपी कार्यालय के सामने आत्मदाह जैसा चरम कदम उठाएगी।
आरोपियों की तलाश जारी
मामले के तूल पकड़ने और मीडिया में मामला सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

