राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शुक्रवार रात बेटे की मौत के सदमें में पिता की भी मौत हो गई। शनिवार सुबह जब घर से पिता और पुत्र की अर्थी एक साथ उठी, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं।

पढ़िए पूरी खबर

दरअसल, चौखड़ियापारा में रहने वाले मांगीलाल शर्मा (80) के बेटे चंद्रप्रकाश शर्मा (45) का शुक्रवार देर रात अचानक निधन हो गया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता मांगीलाल गहरे सदमे में चले गए और कुछ ही देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया। एक ही रात में पिता-पुत्र के इस तरह चले जाने से पूरे आजाद चौक व्यापारिक इलाके में सन्नाटा पसर गया।

जानकारी के मुताबिक, मांगीलाल शर्मा स्थानीय गौशाला रोड में सालों से दाल-सीरा बेचने का व्यवसाय कर रहे थे। शहर को दाल-सीरा के पारंपरिक स्वाद और मिठास से रूबरू कराने वालों में मांगीलाल शर्मा का नाम सबसे अव्वल माना जाता था। उनके सरल और मिलनसार स्वभाव के कारण इस दुखद खबर को सुनते ही चौखड़ियापारा स्थित उनके निवास पर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई।

शनिवार सुबह 11 बजे स्थानीय मुक्तिधाम में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। बुजुर्ग पिता मांगीलाल शर्मा को उनके सुपुत्र राजा शर्मा ने मुखाग्नि दी, वहीं पुत्र चंद्रप्रकाश शर्मा को उनके छोटे भाई अनुज शर्मा ने मुखाग्नि देकर विदाई दी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m