महाराष्ट्र में फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाले की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹1.13 करोड़ का माल जब्त किया है. गोपनीय सूचना के आधार पर 18 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में अधिकारियों ने लगभग छह घंटे तक संदिग्ध ट्रक का पीछा किया. ट्रक की जांच में पान मसाला और फ्लेवर्ड तंबाकू यानी प्रतिबंधित गुटखा बरामद हुआ.
एफडीए को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित गुटखा लेकर एक ट्रक मध्य प्रदेश से समृद्धि एक्स्प्रेसवे के रास्ते भिवंडी, ठाणे की ओर आ रहा है.
महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.13 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य की सामग्री जब्त की है. इस कारवाई में सबसे दिलचस्प बात यह रही कि संदिग्ध ट्रक को पकड़ने के लिए अधिकारियों को करीब छह घंटे तक लगातार पीछा करना पड़ा.
FDA ने पुणे संभाग की टीम को राजगुरुनगर में टोल प्लाजा पर तैनात किया. जब खाद्य सुरक्षा अधिकारी सचिन संतावे ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, तो ट्रक चालक वाहन रोकने के बजाय टोल प्लाजा से आगे निकल भागने लगा. फिर स्थानीय पुलिस की मदद से आखिरकार चाकण-तलेगांव चौक पर ट्रक को रोकने में टीम सफलता हासिल की.
FDA के मुताबिक, जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 1 करोड़ 13 लाख 54 हजार 600 रुपये है. करोड़ों की जब्ती के बाद पांच लोगों पर केस दर्ज हुआ है. एजेंसी ने पूरे नेटवर्क की जांच और MCOCA लगाने की मांग की है.
पूरी रात चली कानूनी प्रक्रिया के बाद 19 सितंबर की सुबह चाकन पुलिस स्टेशन में ड्राइवर, सप्लायर, ट्रांसपोर्टर और वाहन मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई. जिनमें आरोपी ट्रक ड्राइवर नफीस महबूब खान (40), नीलेश राठी, अरुण पाटिल, JMD एंटरप्राइजेज और कथित ट्रांसपोर्टर संजय माता शामिल हैं.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



