स्वतंत्रता की शुरुआत वहीं से होती है जहां से भय का समापन होता है. “Freedom begins where fear ends.” आज स्वतंत्रता दिवस है आइए समझें कि आखिर स्वतंत्रता है क्या? स्वतंत्रता, बंधनों से मुक्ति के अलावा उस मानसिक अवस्था का भी नाम है जहाँ मन भय से मुक्त होकर सत्य, साहस और आत्मविश्वास के साथ निर्णय लेता है. ध्यान रहे मनुष्य के जीवन की बड़ी बेड़ियाँ बाहर नहीं भीतर होती हैं. सभी आंतरिक बेड़ियों के नाम कुछ जाने पहचाने हैं जैसे असफलता का डर, समाज क्या कहेगा इसका डर, आलोचना का डर और अपने निर्णयों पर भरोसा न कर पाने का डर.

भय हमें रोक कर हमारी क्षमताओं को सीमित कर देता है और हमे अपने सपनों को अधूरा छोड़ने के लिए मजबूर कर देता है. जबकि साहस हमें आगे बढ़ने, चुनौतियों का सामना करने और अपनी पहचान बनाने की शक्ति देता है. दरअसल वास्तविक स्वतंत्रता तब शुरू होती है जब हम डर के सामने झुकने के बजाय उसका सामना करते हैं.

इतिहास साक्षी है कि जिन लोगों ने परिवर्तन की आधार शीला रखी, उन्होंने भय को अपने रास्ते की दीवार नहीं बनने दिया था. जैसे स्वतंत्रता सेनानियों ने कठिनाइयों, यातनाओं और जोखिमों के बावजूद राष्ट्र की आज़ादी का सपना नहीं छोड़ा था. उनका साहस यही सिखाता है कि निर्भीक रहना ही परिवर्तन की पहली शर्त है.

जीवन में हर व्यक्ति के सामने दुविधा वाले ऐसे क्षण आते ही हैं जब उसे सुविधा और साहस में से किसी एक को चुनना होता है. इस समय लिया गया उनका साहसिक निर्णय ही उनके लिए भविष्य की दिशा तय करता है.

श्रीमद्भगवद्गीता मे दिए गए निर्भयता के संदेश “अभयं सत्त्वसंशुद्धिर्ज्ञानयोगव्यवस्थितिः.” जिसका अर्थ है निर्भयता दैवी गुणों में प्रथम है. “न हि कल्याणकृत्कश्चिद् दुर्गतिं तात गच्छति.” श्रीमद्भगवद्गीता के इस प्रसिद्ध पंक्ति मे भगवान कृष्ण अर्जुन से कहते हैं कि शुभ और कल्याणकारी कर्म करने वाले और ईश्वर या आत्म-कल्याण के मार्ग पर चलने वाले मनुष्य का न तो इस लोक में और न ही परलोक में कभी नाश होता है. अर्थात साहस से कल्याणकारी कर्म करने वाला कभी दुर्गति को प्राप्त नहीं होता.

डर का समाप्त होने का मतलब यह बिल्कुल भी नहीं है कि खतरा समाप्त हो गया बल्कि यह अपने भीतर विश्वास के जागने का संकेत है. याद रहे स्वतंत्र वही है जो भय के बावजूद सही कदम उठाने का साहस रखता है. जब मन निर्भीक होता है तभी विचार स्वतंत्र होते हैं और यही स्वतंत्र विचार ही जीवन को वास्तविक ऊंचाई देते हैं.


संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H