कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर के गढ़ा थाना क्षेत्र में संचालित मुखर्जी अस्पताल से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अस्पताल की एक महिला डॉक्टर पर कमरा खाली कराने के विवाद के चलते महिला कर्मचारी के नाती पर चाकू से हमला करवाने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला डॉक्टर सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) के तहत मामला दर्ज कर लिया है, जबकि घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा विवाद?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखर्जी अस्पताल में एक महिला कर्मचारी लंबे समय से अपने नाती के साथ अस्पताल परिसर में ही एक कमरे में रह रही थी। यह कमरा डॉ. सुमिता मुखर्जी द्वारा ही उन्हें रहने के लिए दिया गया था। बताया जा रहा है कि डॉक्टर सुमिता मुखर्जी पिछले कुछ समय से उस महिला कर्मचारी पर कमरा खाली करने का लगातार दबाव बना रही थीं। महिला कर्मचारी द्वारा कमरा खाली न करने पर बात काफी बढ़ गई। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते महिला डॉक्टर ने गुंडे भेजकर महिला कर्मचारी के नाती पर चाकू से हमला करवा दिया।

गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती

इस जानलेवा हमले में घायल युवक को तुरंत गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। शिकायत के आधार पर गढ़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला डॉक्टर डॉ. सुमिता मुखर्जी सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश व संलिप्तता के अन्य बिंदुओं को खंगाल रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m