सत्या राजपूत, रायपुर। त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रायपुर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोलबाजार में मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले चांदी वर्क (सिल्वर लीव्स) की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से चांदी वर्क के पांच विधिक नमूने लिए गए और श्री ब्रांड के आठ पैकेट जब्त किए गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के उप संचालक विनोद गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर चांदी वर्क बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभागीय टीम ने अलग-अलग दुकानों से विभिन्न ब्रांड के चांदी वर्क के नमूने संग्रहित किए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
इन प्रतिष्ठानों में हुई कार्रवाई
जांच के दौरान गोलबाजार स्थित लक्ष्मण दास सेल्स से अनूप ब्रांड सिल्वर लीव्स का विधिक नमूना लिया गया। न्यू राम कृष्ण एजेंसी से शक्ति, श्री और शुभ ब्रांड सिल्वर लीव्स के नमूने लिए गए। इसी प्रतिष्ठान से श्री ब्रांड सिल्वर लीव्स के आठ पैकेट जब्त किए गए। इसके अलावा मेसर्स दौलत राम दीवान से शाही ब्रांड सिल्वर लीव्स का विधिक नमूना लिया गया।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
विभाग के अनुसार, विभिन्न ब्रांड के कुल पांच विधिक नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रयोगशाला में इनकी गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने की जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल (आईएएस) ने त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित और सघन निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

