FIFA World Cup 2026 : फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। अब रविवार को न्यू जर्सी में अर्जेंटीना की भिड़ंत स्पेन से होगी।

मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में खेला गया यह मैच बड़ा रोमांचक रहा। पहले हाफ में खेल फाउल की वजह से बार-बार रुकता रहा। इंग्लैंड के डिफेंडर्स ने सलियोनेल मेसी को पूरी तरह बांधकर रखा, जिसके चलते पहला हाफ 0-0 की बराबरी पर खत्म हुआ।

दूसरे हाफ में 55वें मिनट में मॉर्गन रोजर्स के पास पर एंथनी गॉर्डन ने शानदार गोल कर इंग्लैंड को 1-0 से आगे किया, लेकिन 85वें मिनट में मेसी ने डिफेंडर्स को छकाते हुए एंजो फर्नांडेज को एक बेहतरीन पास दिया, जिसे फर्नांडेज ने गोल में बदलकर स्कोर 1-1 कर दिया।

मैच खत्म होने से पहले मेसी ने एक और सटीक पास निकाला, जिसे लाउतारो मार्टिनेज ने गोल कर अर्जेंटीना को 2-1 की बढ़त दिला दी। महज 7 मिनट के अंदर ही अर्जेंटीना ने मैच को इंग्लैंड के हाथ से छीन लिया।

जीत की फाइनल सीटी बजते ही मेसी मैदान पर ही घुटनों के बल बैठ गए और भावुक हो गए। अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर चल रहे मेसी अब लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप ट्रॉफी उठाने से सिर्फ एक कदम दूर हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m