FIFA World Cup 2026 से पहले अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन (AFA) कथित तौर पर अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) की जांच के दायरे में आ गया है। अर्जेंटीना के अखबार La Nación की रिपोर्ट, जिसे Fox Sports México ने भी उद्धृत किया है, के अनुसार AFA के वित्तीय लेनदेन में संभावित मनी लॉन्ड्रिंग की आशंका को लेकर अमेरिकी जांच एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, इस संबंध में FBI या AFA की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

अमेरिकी वित्तीय प्रणाली से हुए लेनदेन की जांच

रिपोर्ट के मुताबिक, जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि AFA से जुड़े करोड़ों डॉलर अमेरिकी बैंकिंग प्रणाली के माध्यम से कैसे ट्रांसफर किए गए और क्या इन लेनदेन में अमेरिकी कानून के तहत कोई वित्तीय अनियमितता या अपराध हुआ है।

जांच के केंद्र में फ्लोरिडा स्थित TourprodeEnter LLC नामक कंपनी बताई गई है, जो विदेशों में AFA के वित्तीय दायित्वों का प्रबंधन करती है। रिपोर्ट के अनुसार, यह कंपनी थिएटर व्यवसायी जेवियर फैरोनी के स्वामित्व में है।

पांच अमेरिकी बैंकों के खातों की भी जांच

La Nación के दावे के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में विश्लेषित दस्तावेजों से पता चलता है कि जेवियर फैरोनी और उनकी पत्नी एरिका गिलेट ने Citibank, Synovus Bank, Bank of America, JPMorgan Chase और PNC Bank में खोले गए खातों के माध्यम से करोड़ों डॉलर का लेनदेन किया। इन्हीं वित्तीय गतिविधियों को जांच का अहम आधार माना जा रहा है।

260 मिलियन डॉलर के फंड पर सवाल

रिपोर्ट के अनुसार, TourprodeEnter LLC ने AFA से जुड़े लगभग 260 मिलियन डॉलर (करीब 2,483 करोड़ रुपये) के राजस्व का प्रबंधन किया। बैंक रिकॉर्ड के विश्लेषण में दावा किया गया है कि इस राशि का केवल एक हिस्सा ही AFA के पहचान योग्य परिचालन खर्चों से जुड़ा मिला।

वहीं, करीब 57 मिलियन डॉलर विभिन्न कंपनियों और लाभार्थियों के बीच वितरित किए गए, जिनके आर्थिक उद्देश्य और औचित्य को लेकर सवाल उठाए गए हैं। यही लेनदेन जांच एजेंसियों की विशेष निगरानी में बताए जा रहे हैं।

पहले से दबाव में हैं AFA अध्यक्ष क्लाउडियो तापिया

AFA अध्यक्ष क्लाउडियो तापिया पहले से ही कई विवादों का सामना कर रहे हैं। घरेलू फुटबॉल लीग में किए गए बदलाव, कम रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ खेले गए अभ्यास मैचों और प्रशासनिक फैसलों को लेकर उनकी आलोचना होती रही है।

इसके अलावा, अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के साथ फुटबॉल क्लबों के स्वामित्व मॉडल को लेकर भी उनका टकराव जारी है। ऐसे में विश्व कप 2026 से पहले सामने आई यह कथित जांच AFA के लिए नई चुनौती बन सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m