FIFA World Cup 2026 Prize Money: स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम करते हुए इतिहास रच दिया। 19 जुलाई को खेले गए फाइनल मुकाबले में स्पेन ने मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी जीती। न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला गया यह मुकाबला तय 90 मिनट तक गोलरहित रहा, लेकिन अतिरिक्त समय में फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल दागकर स्पेन को विश्व विजेता बना दिया।

इस जीत के साथ स्पेन ने 16 साल बाद दोबारा विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, वहीं अर्जेंटीना का लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का सपना भी टूट गया।

स्पेन को मिली इतिहास की सबसे बड़ी प्राइज मनी

विश्व कप जीतने के साथ ही स्पेन को फीफा की ओर से 50 मिलियन डॉलर (करीब 481 करोड़ रुपये) की इनामी राशि मिली। यह फीफा विश्व कप इतिहास में किसी भी चैंपियन टीम को मिलने वाली सबसे बड़ी पुरस्कार राशि है।

पिछले संस्करण यानी 2022 विश्व कप में अर्जेंटीना को खिताब जीतने पर 42 मिलियन डॉलर मिले थे। इस बार विजेता टीम की इनामी राशि में 8 मिलियन डॉलर (करीब 66 करोड़ रुपये) की बढ़ोतरी की गई है।

रनर-अप अर्जेंटीना भी हुई मालामाल

फाइनल में हार के बावजूद अर्जेंटीना को रनर-अप रहने पर 33 मिलियन डॉलर (करीब 318 करोड़ रुपये) मिले। यह राशि 2022 विश्व कप की तुलना में 3 मिलियन डॉलर (लगभग 29 करोड़ रुपये) अधिक है।

वहीं तीसरे स्थान पर रहने वाली इंग्लैंड की टीम को 29 मिलियन डॉलर (करीब 279 करोड़ रुपये), जबकि चौथे स्थान पर रही फ्रांस को 27 मिलियन डॉलर (करीब 260 करोड़ रुपये) की पुरस्कार राशि दी गई।

कुल 871 मिलियन डॉलर का था प्राइज पूल

फीफा ने विश्व कप 2026 के लिए कुल 871 मिलियन डॉलर (करीब 8,386 करोड़ रुपये) का प्राइज पूल रखा था। यह पिछले विश्व कप की तुलना में 431 मिलियन डॉलर अधिक है।

इसमें 655 मिलियन डॉलर टीमों को उनके प्रदर्शन के आधार पर दिए गए, जबकि बाकी राशि क्वालिफिकेशन और टूर्नामेंट की तैयारियों से जुड़े खर्चों के लिए आवंटित की गई।

नॉकआउट तक पहुंचने वाली टीमों पर भी हुई धनवर्षा

48 टीमों के साथ आयोजित हुए इस विश्व कप में फीफा ने इनामी राशि में भी बड़ा इजाफा किया।

  • क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाली प्रत्येक टीम को 19 मिलियन डॉलर (करीब 183 करोड़ रुपये) मिले।
  • राउंड ऑफ-16 में बाहर होने वाली टीमों को 15 मिलियन डॉलर (करीब 144 करोड़ रुपये) दिए गए।
  • राउंड ऑफ-32 में बाहर होने वाली टीमों को 11 मिलियन डॉलर (करीब 106 करोड़ रुपये) मिले।
  • ग्रुप स्टेज से बाहर होने वाली हर टीम को भी 9 मिलियन डॉलर (करीब 87 करोड़ रुपये) की राशि दी गई।

रोड्री बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

स्पेन के कप्तान रोड्री को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए गोल्डन बॉल (बेस्ट प्लेयर) अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्होंने भले ही कोई गोल नहीं किया, लेकिन मिडफील्ड में उनका नियंत्रण, सटीक पासिंग और नेतृत्व स्पेन की सफलता की सबसे बड़ी वजह बना।

एम्बाप्पे ने बनाया नया रिकॉर्ड

फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे ने 10 गोल के साथ गोल्डन बूट अपने नाम किया। इसके साथ ही वह लगातार दो फीफा विश्व कप में गोल्डन बूट जीतने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए।

स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन को गोल्डन ग्लव अवॉर्ड मिला। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गोलकीपिंग की और स्पेन के खिलाफ आठ मैचों में सिर्फ एक गोल हुआ।

वहीं स्पेन के युवा डिफेंडर पाउ कुबारसी ने बेस्ट यंग प्लेयर का पुरस्कार जीता। नीदरलैंड्स को इस बार फेयर प्ले अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

FIFA World Cup 2026: सभी प्रमुख अवॉर्ड विजेता

अवॉर्डविजेता
गोल्डन बॉल (बेस्ट प्लेयर)रोड्री (स्पेन)
गोल्डन बूट (टॉप स्कोरर)किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) – 10 गोल
गोल्डन ग्लव (बेस्ट गोलकीपर)उनाई सिमोन (स्पेन)
बेस्ट यंग प्लेयरपाउ कुबारसी (स्पेन)
फेयर प्ले अवॉर्डनीदरलैंड्स

मेसी का नहीं चला जादू

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी से फाइनल में एक और यादगार प्रदर्शन की उम्मीद थी। गोल्डन बूट जीतने के लिए उन्हें दो गोल की जरूरत थी, लेकिन स्पेन की मजबूत रक्षापंक्ति ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। मेसी पूरे मुकाबले में गोल नहीं कर सके और तीसरी बार गोल्डन बॉल जीतने का उनका सपना भी अधूरा रह गया।

दूसरी ओर, रोड्री ने बिना गोल किए भी अपने खेल से सभी को प्रभावित किया। मिडफील्ड में उनके बेहतरीन प्रदर्शन ने स्पेन को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार अपने नाम किया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H