FIFA World Cup 2026 Round of 16: फीफा विश्व कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक चरण राउंड ऑफ-16 में प्रवेश कर चुका है, जहां मंगलवार को दो हाई-वोल्टेज मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मुकाबले में यूरोप के दो दिग्गज पुर्तगाल और स्पेन आमने-सामने होंगे, जबकि दूसरे मैच में मेजबान अमेरिका की टक्कर बेल्जियम से होगी। इन दोनों मैचों से क्वार्टर फाइनल की पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।

‘वंडर किड’ यमाल के खिलाफ उतरेंगे रोनाल्डो

पुर्तगाल और स्पेन के बीच होने वाला यह मुकाबला सिर्फ एक फुटबॉल मैच नहीं, बल्कि दो पीढ़ियों की ऐतिहासिक भिड़ंत माना जा रहा है। एक ओर 41 वर्षीय दिग्गज क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं, जिनका यह अंतिम विश्व कप माना जा रहा है, वहीं दूसरी ओर 18 वर्षीय स्पेनिश ‘वंडर किड’ लामिन यमाल हैं, जिन्हें भविष्य का सुपरस्टार माना जा रहा है।

रोनाल्डो इस विश्व कप में अब तक तीन गोल कर चुके हैं, लेकिन अहम मौकों पर टीम को और मजबूती देने की चुनौती उनके सामने है। क्रोएशिया के खिलाफ राउंड ऑफ-32 में उन्होंने निर्णायक पेनल्टी गोल कर पुर्तगाल को जीत दिलाई थी। अब स्पेन जैसी मजबूत डिफेंसिव टीम के खिलाफ उनकी भूमिका और अहम हो गई है।

स्पेन की टीम इस टूर्नामेंट में शानदार डिफेंस के लिए जानी जा रही है। उसने अब तक चार मैचों में एक भी गोल नहीं खाया है। राउंड ऑफ-32 में ऑस्ट्रिया को 3-1 से हराकर उसने अपनी फॉर्म साबित की। वहीं युवा यमाल ने भी अपने पहले विश्व कप गोल के साथ दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

पुर्तगाल और स्पेन के बीच बराबरी की टक्कर

पुर्तगाल और स्पेन के बीच अब तक 41 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें दोनों टीमों ने 12-12 मैच जीते हैं, जबकि 17 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं। हालिया मुकाबले भी बेहद रोमांचक रहे हैं। 2018 विश्व कप में दोनों टीमों का मैच 3-3 से ड्रॉ रहा था, जिसमें रोनाल्डो ने हैट्रिक लगाई थी। वहीं 2025 में हुए मुकाबले में पुर्तगाल ने पेनल्टी शूटआउट में जीत हासिल की थी।

मेजबान अमेरिका बनाम बेल्जियम

दिन का दूसरा मुकाबला सिएटल में अमेरिका और बेल्जियम के बीच खेला जाएगा। मेजबान अमेरिका ने राउंड ऑफ-32 में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालीफाई किया है, जबकि बेल्जियम भी मजबूत फॉर्म में है।

दोनों टीमों के बीच हालिया मुकाबलों में बेल्जियम का पलड़ा भारी रहा है, लेकिन 2014 विश्व कप में अतिरिक्त समय में 2-1 की जीत आज भी यादगार है। इस बार अमेरिका अपने घरेलू दर्शकों के सामने इतिहास बदलने की कोशिश करेगा।

मैच शेड्यूल (भारतीय समय अनुसार)

पुर्तगाल बनाम स्पेन: 7 जुलाई, रात 12:30 बजे IST

अमेरिका बनाम बेल्जियम: 7 जुलाई, सुबह 5:30 बजे IST

राउंड ऑफ-16 के ये दोनों मुकाबले विश्व कप की दिशा तय करने वाले साबित हो सकते हैं। एक ओर जहां रोनाल्डो अपने अंतिम विश्व कप अभियान को यादगार बनाने की कोशिश करेंगे, वहीं दूसरी ओर लामिन यमाल नई पीढ़ी के उदय का प्रतीक बनकर सामने खड़े हैं। फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह मुकाबले किसी फाइनल से कम नहीं होंगे।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H