तमिलनाडु में जेन ग्रेनाइट के मालिक 84 वर्षीय आर. वीरमणि के खिलाफ यौन उत्पीड़न का एक और मामला दर्ज किया गया है। यह उनके खिलाफ दर्ज पांचवां मामला है। मामले की जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) कर रही है।

नौकरी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न का आरोप

SIT के मुताबिक, तिरुवन्नामलाई की एक महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि जब वह नाबालिग थी और चेन्नई आई थी, तब वीरमणि ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उसका यौन उत्पीड़न किया। महिला ने हाल ही में SIT से संपर्क किया, जिसके बाद शिकायत की जांच शुरू की गई।

नया मामला चेन्नई निवासी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वीरमणि के खिलाफ लगातार नई शिकायतें सामने आ रही हैं और उनकी जांच की जा रही है।

गुंडा एक्ट के तहत हिरासत में वीरमणि

आर. वीरमणि को 29 अगस्त को उनके दो कथित सहयोगियों—शांति और महेंद्र सिम्हन—के साथ गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई एक नाबालिग के साथ कथित रेप का वीडियो सामने आने के बाद हुई थी। इसके बाद वीरमणि को गुंडा एक्ट के तहत हिरासत में रखा गया।

मामले ने उस समय राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी तूल पकड़ा, जब सामने आया कि पुलिस ने फरवरी 2026 में POCSO मामलों की सुनवाई करने वाली विशेष अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी।

कोर्ट ने क्लोजर रिपोर्ट की खारिज

अगस्त 2026 में अदालत ने पुलिस की क्लोजर रिपोर्ट खारिज करते हुए मामले में आगे जांच के निर्देश दिए। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ा और अब तक चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। वीरमणि के खिलाफ नाबालिगों से जुड़े पांच मामले सामने आ चुके हैं।

WhatsApp नंबर पर मिल रही शिकायतें

SIT को वीरमणि से जुड़े मामले में उनके कथित खास WhatsApp नंबर 9345319676 पर भी शिकायतें मिली हैं। पुलिस के अनुसार, इस नंबर के जरिए मिली जानकारी में पांच और ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनकी फिलहाल पुष्टि की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ शिकायतकर्ता अब शादीशुदा हैं और अपने परिवारों के साथ रह रही हैं। SIT सभी शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m