धनेश विद्यार्थी, रेवाड़ी। अगर आपका मोबाइल फोन गुम हो जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है। जिला पुलिस की साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में तुरंत CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसी पहल का परिणाम है कि रेवाड़ी पुलिस ने बीते दो माह में करीब 25 लाख रुपये कीमत के 60 गुमशुदा मोबाइल फोन ढूंढकर उनके मालिकों को वापस सौंप दिए।

गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में हेमेंद्र कुमार मीणा ने मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे। अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

2022 से अब तक 1 करोड़ से ज्यादा के 575 मोबाइल बरामद

एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने बताया कि जिला पुलिस की साइबर सेल ने वर्ष 2022 से अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत के 575 स्मार्टफोन बरामद कर उनके असली मालिकों को लौटाए हैं। इससे पहले वर्ष 2021 में भी करीब 8.49 लाख रुपये मूल्य के 58 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।

CEIR पोर्टल की यह है खासियत

एसपी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा संचालित CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज होते ही मोबाइल का IMEI नंबर ब्लॉक कर दिया जाता है। इससे चोरी या गुम हुआ मोबाइल किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उपयोग नहीं किया जा सकता। मोबाइल ट्रेस होने पर शिकायतकर्ता को सूचना देकर फोन वापस दिलाया जाता है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपने मोबाइल फोन को सुरक्षित रखने और किसी अनजान व्यक्ति को फोन इस्तेमाल के लिए न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन आज व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है, इसलिए इसकी सुरक्षा बेहद जरूरी है।