दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। जिले के सोहागपुर के व्यस्त बाजार में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब सरेराह एक 16 वर्षीय किशोरी को फिल्मी अंदाज में कार से अगवा कर लिया। बदमाशों ने पुलिस को छकाने के लिए गाड़ियां भी बदलीं, लेकिन उसकी चाल सफल नहीं हो पाई। 4 घंटे के भीतर पुलिस ने न सिर्फ किशोरी को सुरक्षित बचाया, बल्कि पांचों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
लाल रंग की कार में जबरन बैठा कर फरार हो गए
घटना सोहागपुर के मुख्य बाजार की है, जहां मुख्य आरोपी हमजा खान ने साथियों रिजवान और जाहिद के साथ किशोरी को जबरन लाल रंग की स्विफ्ट कार में ठूंस कर फरार हो गए। इस खौफनाक मंजर को किशोरी के भाई ने अपनी आंखों से देखा। बहादुर भाई ने हिम्मत नहीं हारी, उसने न केवल कार का पीछा किया बल्कि गाड़ी का नंबर नोट कर परिजनों और डायल 112 को अलर्ट कर दिया।
वारदात में दो रंग की कार का इस्तेमाल
बदमाशों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए माखननगर में अपनी चाल बदली। किशोरी और मुख्य आरोपी हमजा को स्विफ्ट से उतारकर सफेद क्रेटा कार में बैठा दिया। दो साथी खाली स्विफ्ट कार लेकर बकतरा की ओर भागे। इधर क्रेटा कार किशोरी को लेकर वापस सोहागपुर की फॉरेस्ट कॉलोनी की ओर छिपने के इरादे से मुड़ गए। थाना प्रभारी ऊषा मरावी के नेतृत्व में पुलिस ने बकतरा के पास स्विफ्ट को दबोच लिया। जब कार में किशोरी नहीं मिली, तो पुलिस ने सख्ती दिखाई।
अपहरण में इस्तेमाल दोनों कार जब्त
चंद मिनट की पूछताछ में ही आरोपियों ने दूसरी कार (क्रेटा) का राज उगल दिया। एसडीओपी संजू चौहान के मार्गदर्शन में सोहागपुर, माखननगर और बकतरा पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी हमजा खान सहित रिजवान, सलमान उर्फ फैजल, जाहिद और संजीव मीना को दबोच लिया। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल दोनों कारें जब्त कर ली। किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर आरोपियों से कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम को एसपी साई कृष्णा ने ₹10 हजार का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
फूड इंस्पेक्टर की पत्नी से ठगीः न कोई OTP और न ही कॉल आया, खाते से उड़ गए 3 लाख, मोबाइल हैक
CM के काफिले में लापरवाहीः ट्रैफिक पुलिस पर गिरी गाज, 3 पुलिसकर्मियों की सैलरी कटी,


