चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। न्यू पलासिया स्थित चैनसिंह का बगीचा इलाके में एक मकान के किचन में एलपीजी गैस सिलेंडर से रिसाव (Leakage) होने के कारण अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के दौरान किचन में रखा प्रेशर कुकर भी तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे घर में रखा फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। इस दुर्घटना में किचन में काम कर रही एक महिला झुलस गई है, जिसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुकर फटने से मचा हड़कंप
दरअसल तुकोगंज थाना क्षेत्र के चैनसिंह का बगीचा (न्यू पलासिया) निवासी मनोहर तातेन के मकान में यह हादसा हुआ।दोपहर के समय किचन में खाना बनाने के दौरान एलपीजी सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और घर में मौजूद फर्नीचर व अन्य घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि किचन में रखा प्रेशर कुकर भी अचानक फट गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बाहर निकाला सुलगता सिलेंडर
घटना की सूचना मिलते ही तुकोगंज थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों और पुलिस जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सबसे बड़ी बात यह रही कि पुलिस टीम ने जलते हुए किचन के भीतर से गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बहुत बड़ा विस्फोट होने से टल गया।
महिला निजी अस्पताल में भर्ती, स्थिति खतरे से बाहर
हादसे के वक्त किचन में काम कर रही परिवार की एक महिला आग की चपेट में आ गई, जिससे उनके हाथों में जलने की चोटें आई हैं।इलाज जारी: घायल महिला को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला की हालत खतरे से बाहर है और इस घटना में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है।पुलिस अब आग लगने के वास्तविक कारणों और रिसाव की तकनीकी वजहों की बारीकी से जाँच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

