रिजवान अंसारी, बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से रविवार को एक बेहद डरावने अग्निकांड की खबर सामने आई है। यहां के लोहार मंडी क्षेत्र में स्थित एक रस्सी गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते उसकी लपटों और काले धुएं के गुबार ने पूरे आसमान को घेर लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया। इस हादसे में गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है।
ये भी पढ़ें : नर्मदा-शिप्रा पाइपलाइन फूटी: 40 फीट ऊपर उठा पानी का फव्वारा, भैरूघाट में बने बाढ़ जैसे हालात, कई घरों के सामान बहे
सो रहा था परिवार, पड़ोसियों ने चिल्लाकर बचाई जान
दिल दहला देने वाली बात यह है कि जिस वक्त यह आग लगी उस दौरान गोदाम के ऊपर बने मकान में एक परिवार गहरी नींद में सो रहा था। नीचे गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के रहवासियों के होश उड़ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और जोर-जोर से चिल्लाकर ऊपर सो रहे परिवार को नींद से जगाया और समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों की सजगता के चलते एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से टल गया।
फायर ब्रिगेड की लेटलतीफी पर जनता का फूटा गुस्सा
आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर घरों से पानी लाकर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई थी लेकिन स्थानीय निवासियों का आरोप है कि अग्निशमन का वाहन मौके पर काफी देरी से पहुंचा। दमकल की इस लेटलतीफी के कारण लोगों में भारी आक्रोश और नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि अगर फायर ब्रिगेड समय पर आ जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
ये भी पढ़ें : आशुतोष राणा के नाटक ‘हमारे राम’ के दौरान ऑडिटोरियम में भड़की आग, अभिनेता सहित सभी दर्शकों को सुरक्षित निकाला बाहर
लाखों का नुकसान, जांच में जुटी पुलिस
भीषण आग के कारण गोदाम में रखी भारी मात्रा में रस्सियां और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जल गया है जिससे संचालक को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर गणपति नाका थाना पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस अज्ञात कारणों को लेकर मामले की जांच कर रही है। वहीं गोदाम के मालिक और ऊपर रह रहे किराएदार या परिवार की आधिकारिक पहचान की पुष्टि की जा रही है।

