हरियाणा डेस्क। हरियाणा में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। हालात ऐसे हैं कि गर्मी के मामले में हरियाणा ने राजस्थान को भी पीछे छोड़ दिया है। राजस्थान से आने वाली गर्म दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण प्रदेश का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने लगा है।

सबसे ज्यादा गर्मी सिरसा में दर्ज की गई, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा हिसार, भिवानी, रोहतक और महेंद्रगढ़ समेत कई जिलों में भी भीषण लू का असर देखने को मिल रहा है।

मौसम विभाग ने 27 मई के लिए पूरे हरियाणा में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 28 मई को भी दोपहर तक लू चलने की संभावना जताई गई है, हालांकि शाम के बाद मौसम में बदलाव हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से 1 जून के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

अंबाला, करनाल, जींद, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस बनी रह सकती है, हालांकि मई के आखिर में बारिश से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।