राजधानी के उत्तर-पूर्वी दिल्ली स्थित वेलकम थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, यह घटना केशव चौक और श्याम लाल कॉलेज के पास हुई। फायरिंग के बाद युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने घटनास्थल से सबूत एकत्र किए हैं। इसके अलावा, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
मृतक की हुई पहचान
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम 22 वर्षीय अमनउल्लाह कुरैशी है, जो मौजपुर के गुरुद्वारा मोहल्ला का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि अमनउल्लाह के पिता का नाम मोहम्मद तस्लीम है। मंगलवार रात हुई इस वारदात में अज्ञात बदमाशों ने केशव चौक और श्याम लाल कॉलेज के पास ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, फिलहाल यह जांच की जा रही है कि युवक को कितनी गोलियां लगीं और हमलावर किस उद्देश्य से वहां पहुंचे थे। घटना के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर जांच कई एंगल से आगे बढ़ाई जा रही है।
उत्तर-पूर्वी जिले के एडिशनल DCP संदीप लांबा ने बताया कि देर रात पुलिस को वेलकम इलाके में फायरिंग की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत श्याम लाल कॉलेज के पास घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि 22 वर्षीय घायल युवक अमनउल्लाह को उसके परिजन पहले ही जीटीबी अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
वारदात की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी(FSL)) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर गहन निरीक्षण किया। टीमों ने घटनास्थल से खून के नमूने, कारतूस के खोखे सहित कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस ने बताया कि वेलकम थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान, उनकी लोकेशन और गिरफ्तारी के लिए जिले की कई टीमों को लगाया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

