मयंक शर्मा, फिरोजाबाद. शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव उरमुरा किरार स्थित टायर से तेल निकालने वाली फैक्ट्री में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. फैक्ट्री से उठ रहीं आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब पांच किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया. आग की भयावहता देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.
बताया गया कि फैक्ट्री में बड़ी संख्या में पुराने टायर और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी. आग लगते ही टायरों ने तेजी से आग पकड़ ली, जिससे कुछ ही देर में पूरा परिसर आग की चपेट में आ गया. आसमान में उठ रहे काले धुएं के गुबार के कारण आसपास के इलाके में कुछ देर के लिए अंधेरा सा छा गया.
इसे भी पढ़ें : कानपुर में दर्दनाक हादसा! चलती स्कूटी पर ENT डॉक्टर को आया साइलेंट अटैक, अस्पताल पहुंचते ही मौत
फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई. आग की विकरालता को देखते हुए जिले के अलग-अलग स्थानों से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं. दमकल कर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं.
आग इतनी भीषण है कि इसे नियंत्रित करने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. आग को फैक्ट्री के अन्य हिस्सों और आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने के लिए तीन जेसीबी मशीनों की मदद से परिसर में रखे पुराने टायरों को हटाया जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : अमरोहा में ऐतिहासिक फैसला! गर्भवती की जान लेने वाले दो झोलाछाप डॉक्टरों को उम्रकैद, नजीर बना फैसला
घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी शिकोहाबाद राजेश कुमार शुक्ला भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं. दमकल की टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं.
आसपास के लोगों में दहशत
फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटों और कई किलोमीटर तक दिखाई दे रहे काले धुएं के गुबार से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जमा हो गए. पुलिस द्वारा लोगों को आग से सुरक्षित दूरी पर रखने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन और आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

