फिरोजाबाद. फिरोजाबाद जिले के सिरसागंज थाना क्षेत्र के अहीर टोला में रविवार को एक घरेलू विवाद ने दिल दहला देने वाली घटना का रूप ले लिया. मामूली कहासुनी के बाद बेटे ने अपने ही पिता पर बेसबॉल बैट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया.

इसे भी पढ़ें- UP में मानसून का कहर : ‘आफत’ का रेड अलर्ट, 22 जुलाई तक जमकर बरसेंगे बादल

सिर पर कई वार, मौके पर ही तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार, अहीर टोला निवासी राकेश बाबू शर्मा का रविवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने बेटे उपेंद्र शर्मा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और उपेंद्र ने घर में रखा बेसबॉल बैट उठाकर पिता के सिर पर कई वार कर दिए. परिजनों के मुताबिक, राकेश बाबू शर्मा हृदय रोग से भी पीड़ित थे. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी.

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही सिरसागंज थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. घटना में इस्तेमाल किया गया बेसबॉल बैट भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. आरोपी उपेंद्र शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

परिजनों की तहरीर पर दर्ज होगा मुकदमा

सिरसागंज क्षेत्राधिकारी चंचल त्यागी ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. परिजनों से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे केवल घरेलू विवाद था या कोई अन्य वजह भी रही.

इसे भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी मामले ने लिया नया मोड़! अमिताभ ठाकुर ने मानवाधिकार आयोग से की तत्काल दखल की मांग

इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवादों के हिंसक रूप लेने की चिंता बढ़ा दी है. परिवार के भीतर बढ़ते तनाव और गुस्से का यह दुखद अंत पूरे इलाके को झकझोर गया है.