चमोली. हेमकुंड साहिब (Hemkund Sahib) के लिए पहला जत्था शनिवार को रवाना हो गया. जयकारों के बीच पहला जत्था रवाना हो गया है. श्रद्धालुओं ने गोविंदघाट से पवित्र यात्रा की शुरुआत की. 6 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं ने यात्रा प्रारंभ कर दी है. प्रथम जत्थे के साथ विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. सम्पूर्ण यात्रा मार्ग पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
बता दें कि बीते दिनों सीएम पुष्कर सिंह धामी को यात्रा का न्योता दिया गया था. बीते रविवार को गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने सीएम से मुलाकात कर उन्हें न्योता दिया था. साथ ही उन्होंने आगामी यात्रा को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराया था.
इसे भी पढ़ें : नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026 में शामिल हुए सीएम धामी, शुभंकर “क्यालु- हिम तेंदुआ” का किया अनावरण
बिंद्रा मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को श्री हेमकुंट साहिब यात्रा के पहले जत्थे के विदाई समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दे चुके हैं. मुख्यमंत्री ने कहा था कि शासन-प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है. यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि श्री हेमकुंट साहिब यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है.
अध्यक्ष बिंद्रा ने बताया था कि 20 मई को श्री हेमकुंट साहिब यात्रा 2026 के पहले जत्थे का विदाई समारोह आयोजित होगा. इस पहले जत्थे का नेतृत्व पारंपरिक रूप से पंज प्यारों द्वारा किया जाएगा. श्री हेमकुंट साहिब के कपाट 23 मई 2026 को खुलने वाले हैं. लाखों श्रद्धालु इस पावन यात्रा में शामिल होकर गुरु गोबिंद सिंह जी की पावन तपोभूमि के दर्शन करेंगे.

