नोएडा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जेवर के निर्माण के लिए भूमि समर्पित करने वाले अन्नदाता किसानों का प्रथम उड़ान से लखनऊ आगमन पर स्वागत और संवाद के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए. सीएम योगी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली फ्लाइट से लखनऊ आए ‘जेवर’ के अन्नदाता किसानों और नागरिकों का हृदय से स्वागत और अभिनंदन है.
योगी ने कहा कि आज का दिन जेवर, जनपद गौतमबुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश और देश के एविएशन सेक्टर के लिए ऐतिहासिक है. नवभारत की सर्वाधिक संभावनाओं वाले ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ से आज पहली कमर्शियल फ्लाइट का शुभारंभ हुआ है. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच और जेवर के अन्नदाता किसानों का अमूल्य योगदान है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत के पहले Cargo और MRO (Maintenance, Repair, and Overhaul) केंद्र के रूप में भी विकसित होने जा रहा है.
इसे भी पढ़ें : विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर CM योगी की पाती, कहा- घर सूने हो रहे, वृद्धाश्रम बढ़ना चिंताजनक
सीएम ने आगे कहा कि अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश का किसान अन्न, फल और सब्जियां उगाएगा और उन्हें कार्गो सुविधा के माध्यम से वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में सक्षम होगा. जेवर इस सुविधा का केंद्र बिंदु बनेगा. दुनिया के पांच प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र में अपने-अपने कैंपस स्थापित करने के लिए आ रहे हैं. आज यह क्षेत्र एक नए परिवर्तन का साक्षी बन रहा है. यहां की आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवरने जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि YEIDA ने जनपद गौतमबुद्ध नगर में TATA के सहयोग से लगभग 225 करोड़ की लागत से एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है. यह केंद्र आधुनिक तकनीक में प्रशिक्षण, सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री पाठ्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नए अवसर प्रदान करेगा. इससे कौशल विकास को गति मिलेगी, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार होंगे और निवेश के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे.

