प्रदीप मालवीय उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में हर तीज-त्योहार की शुरुआत सबसे पहले राजाधिराज भगवान श्री महाकालेश्वर के आंगन से होती है। इसी महान परंपरा का निर्वहन करते हुए इस बार भी रक्षाबंधन का पावन पर्व सबसे पहले बाबा महाकाल के दरबार में मनाया जाएगा। रक्षाबंधन के दिन तड़के होने वाली प्रसिद्ध भस्म आरती में बाबा महाकाल को सबसे पहली राखी अर्पित की जाएगी।

पुजारी परिवार ने 3 दिन की कड़ी मेहनत से तैयार की दिव्य राखी

इस बार बाबा को राखी बांधने का सौभाग्य राजेश शर्मा, जीतेन्द्र शर्मा और आकाश शर्मा परिवार को मिला है। पुजारी परिवार की महिलाओं ने बाबा महाकाल के लिए विशेष राखी तैयार की है। महिलाओं ने बताया कि परिवार की सभी महिलाएं और बहुएं मिलकर इस राखी को तैयार करने में जुटी हैं। राखी में भगवान शिव के प्रिय प्रतीकों को खास तौर पर शामिल किया गया है। इसमें त्रिपुंड, ओम, स्वस्तिक, रुद्राक्ष, नंदी और डमरू लगाए गए हैं। इस राखी को तैयार करने में करीब दो से तीन दिन का समय लगा।

देशभर के भक्तों का योगदान

खास बात यह है कि बाबा महाकाल के भक्तों ने भी दूर-दूर से राखी में लगाने के लिए सामग्री भेजी है। भक्तों की ओर से भेजी गई इन चीजों को भी राखी में शामिल किया गया है। पुजारी परिवार की महिलाओं का कहना है कि उनके लिए यह सिर्फ राखी नहीं, बल्कि बाबा महाकाल के प्रति श्रद्धा और भक्तों की भावनाओं का प्रतीक है।

भस्म आरती में लगेगा महाभोग, फिर पूरा देश मनाएगा रक्षाबंधन

रक्षाबंधन के दिन सुबह भस्म आरती के दौरान यह विशेष राखी बाबा महाकाल के चरणों में अर्पित की जाएगी। इस दौरान पुजारी परिवार की महिलाएं बाबा महाकाल से प्रार्थना करेंगी कि जिस तरह बाबा सभी भक्तों की रक्षा करते हैं, उसी तरह हर परिवार के भाई, पिता और बेटों की भी रक्षा करें और सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करें।

मान्यता है कि उज्जैन में हर शुभ पर्व की शुरुआत बाबा महाकाल के दरबार से होती है। इसी परंपरा के तहत रक्षाबंधन पर भी सबसे पहले बाबा महाकाल को राखी अर्पित की जाएगी। इसके बाद ही भाई-बहन के प्रेम और रक्षा के संकल्प का यह पर्व मनाया जाएगा। परंपरा अनुसार जिस पुजारी परिवार द्वारा क्रमानुसार बाबा महाकाल की भस्म आरती की जाती है, उसी परिवार को रक्षाबंधन पर्व पर भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल को यह राखी अर्पित करने का सौभाग्य मिलता है।

विशेष लड्डुओ का भोग

भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल को विशेष लड्डुओं का महाभोग भी लगाया जाएगा। इस तरह रक्षाबंधन पर महाकाल मंदिर में आस्था, परंपरा और परिवार के प्रेम का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m