दिल्ली सरकार ने राजधानी की 5 सबसे अधिक जाम वाली और व्यस्त सड़कों की पहचान करते हुए उनके पुनर्विकास (Redevelopment) की योजना तैयार की है। इन सड़कों को ‘आदर्श कॉरिडोर’ (Model Corridor) के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे शहर के यातायात, पर्यावरण और शहरी जीवन में व्यापक सुधार लाने का लक्ष्य है। सरकार की योजना के अनुसार इन कॉरिडोर को धूल-मुक्त, हरित और पैदल यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाया जाएगा। इसके साथ ही इन्हें केवल यातायात मार्ग तक सीमित न रखते हुए रोजगार और मनोरंजन के केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। सरकार के अनुसार ये ‘आदर्श कॉरिडोर’ सातों दिन, 24 घंटे सक्रिय रहेंगे, जिससे शहर में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को निरंतर बढ़ावा मिलेगा।

दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘आदर्श कॉरिडोर’ और जाम मुक्ति योजना को लेकर मंगलवार को उपराज्यपाल टीएस संधू की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजधानी की प्रमुख सड़कों के पुनर्विकास और यातायात दबाव कम करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में सड़कों की देखरेख करने वाली विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों के साथ-साथ ‘स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर’ (SPA) के विशेषज्ञ भी शामिल हुए। सभी विभाग मिलकर राजधानी की व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक जाम कम करने और आधुनिक शहरी कॉरिडोर विकसित करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।

इन 5 सड़कों पर बनाए जाएंगे ‘मॉडल कॉरिडोर’

(1) सेंट्रल और नॉर्थ दिल्ली रूट : मिंटो रोड-ITO-कड़कड़डूमा।

 (2) दूसरा सेंट्रल–नॉर्थ दिल्ली रूट: मिंटो रोड-अरुणा आसफ अली मार्ग-जवाहरलाल नेहरू मार्ग-दिल्ली गेट।

 (3) यमुना किनारे का रूट: नेताजी सुभाष मार्ग-शांति वन-महात्मा गांधी मार्ग (यमुना के किनारे)-ITO-IP एस्टेट मेट्रो स्टेशन।

 (4) साउथ दिल्ली रूट: धौला कुआं से जेल रोड।

 (5) वेस्ट दिल्ली रूट: करियप्पा मार्ग से तिलक नगर क्रॉसिंग तक और नजफगढ़ रोड पर उत्तम नगर-तिलक नगर से राजौरी गार्डन

‘मॉडल रोड’ में होंगे आधुनिक बदलाव

इन सड़कों पर फुल-प्रूफ स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया जाएगा, जिससे बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। रात के समय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहित करने के लिए अनौपचारिक क्राफ्ट मार्केट और मूवेबल वेंडर जोन विकसित किए जाएंगे, जहां अस्थायी ठेले और दुकानें लगाई जा सकेंगी। सड़कों पर एकीकृत फुटपाथ और साइकिल ट्रैक बनाए जाएंगे। इनके बीच आराम करने के लिए शेल्टर और सार्वजनिक उपयोग की सुविधाएं भी होंगी। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग ,शॉर्ट-ड्यूरेशन पार्किंग ,और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली  जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वायु प्रदूषण और धूल को कम करने के लिए सड़कों के बीच के हिस्से (सेंट्रल वर्ज) को हरित घास से ढका जाएगा। साथ ही पौधों की सिंचाई के लिए ऑटोमेटेड वॉटरिंग सिस्टम लगाया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m