सरोज कुमार गुप्ता, सीतामढ़ी। जिले के रीगा थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवासी धनुषी टोला वार्ड संख्या-01 में सोमवार की देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। दरअसल रात करीब 11 बजे एक पुराना पीपल का पेड़ अचानक सिकंदर सहनी के कच्चे मकान पर गिर पड़ा, जिससे पूरा घर धराशायी हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई।
हादसे के समय घर में सो रहा था परिवार
हादसे के समय घर के सभी सदस्य सो रहे थे। मलबे में दबने से सिकंदर सहनी की पत्नी पूजा देवी (28 वर्ष), पुत्र राजकुमार (7 वर्ष), पुत्री शिवानी (5 वर्ष) और एक माह के पुत्र लाइगर कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो वर्षीय पुत्र वीरभद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
पूरे गांव में मची चीख-पुकार
घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह, रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी और बीडीओ संजय पाठक घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, इसके अलावा प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
काफी पुराना था पीपल का पेड़
स्थानीय लोगों के अनुसार मकान के पास स्थित पीपल का पेड़ काफी पुराना था। लगातार चल रही तेज हवाओं और कमजोर जड़ों के कारण पेड़ अचानक गिर गया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते हुए जर्जर हो चुके इस पेड़ को हटा दिया गया होता, तो आज यह दिन नहीं देखना पड़ता। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है। एक ही परिवार में 5 लोगों की मौत से पूरे इलाके में गम का माहौल है।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: पूर्व सरपंच के बेटे की चाकू गोदकर निर्मम हत्या, रविवार की शाम से लापता था युवक

