Odisha Desk, कटक: ऊपरी इलाकों में लगातार बरस रहे बादलों ने महानदी का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। नदी उफान पर है और इसका असर अब कटक के मुंडली बैराज के पास साफ दिखने लगा है, जहां हालात गंभीर होते जा रहे हैं।

सुबह के 7:30 बजे तक मुंडली बैराज से 8,13,428 क्यूसेक पानी का बहाव दर्ज किया गया है। पानी की यह रफ्तार इतनी डरावनी है कि आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है और प्रशासन ने तटीय इलाकों में कड़ा अलर्ट जारी कर दिया है।

इस विकराल बाढ़ ने सबसे ज्यादा मार तटीय इलाकों में रहने वाले उन गरीब परिवारों और मछुआरों पर डाली है, जिनकी रोजमर्रा की जिंदगी नदी से ही चलती थी। उफनाती लहरों ने उनकी आजीविका पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है।

सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए जिला प्रशासन ने नदी के आसपास किसी भी व्यक्ति के जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

प्रशासन के आदेश का पालन करते हुए मछुआरों ने भारी मन से अपनी नावें सुरक्षित किनारों पर बांध दी हैं और अपने जाल समेटकर रख लिए हैं।

स्थानीय मछुआरों का कहना है कि जब तक पानी का स्तर कम नहीं होता और खतरा टल नहीं जाता, तब तक वे नदी की तरफ रुख भी नहीं करेंगे। फिलहाल, आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें हर पल बदलते जलस्तर पर पैनी नजर बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अनहोनी से समय रहते निपटा जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m