खटीमा. सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने आज खटीमा पहुंचकर नेपाल सीमा पर मेलाघाट में जगबूढ़ा नदी के भू कटाव की रोकथाम के दृष्टिगत बाढ़ सुरक्षा कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधीक्षण अभियंता सिंचाई को निर्देश दिए कि जहां पर अति आवश्यक है, वहां पर शीघ्र बाढ़ सुरक्षा कार्य कराया जाए. उन्होंने कहा कि जहां भी बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जाने हैं, वहां का इस्टीमेट बनाकर शासन को भेजें. इस दौरान उन्होंने स्थानीय जनता और जनप्रतिनिधियों से भी वार्ता की.
निरीक्षण के बाद उन्होंने लोहियाहेड कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जहां भी बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जा रहे हैं, उन्हें वर्षाकाल से पूर्व ही पूर्ण कर लिया जाए और कहीं पर भी यदि बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने हों तो उसका पहले से ही प्लान बनाकर रखा जाए.
इसे भी पढ़ें : उत्तराखंड को बड़ी सौगात: CM धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए प्रदान की करोड़ों की स्वीकृति
बाढ़ कार्य आवश्यक- अपर जिला अधिकारी
बैठक में अपर जिला अधिकारी कौस्तुभ मिश्र और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी ने बताया कि नेपाल सीमा पर जगबूढ़ा नदी से एसएसबी चौकी और मेलाघाट सिसैया के बचाव के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य कराया जाना आवश्यक है. साथ ही, मोहम्मदपुर भुड़िया को देवहा नदी के कटाव से बचाव के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए जाने है. सचिव विनोद कुमार सुमन ने शासन स्तर पर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया.

