मुंबई में मानसून ने एक बार फिर जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीती रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात ठप हो गया है, जबकि मुंबई लोकल, मेट्रो और हवाई सेवाओं पर भी इसका व्यापक असर देखने को मिला है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

BMC का बड़ा फैसला, स्कूल-कॉलेज बंद

लगातार बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर पालिका (BMC) ने शहर के सभी स्कूलों और कॉलेजों के दोपहर सत्र की छुट्टी घोषित कर दी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दोपहर 1 बजे से अगले तीन घंटों के लिए मुंबई, ठाणे और पुणे के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

लोकल, मेट्रो और फ्लाइट सेवाएं प्रभावित

बारिश के कारण रेलवे पटरियों पर पानी भरने से मुंबई लोकल ट्रेनें लगभग 15 मिनट की देरी से चल रही हैं, जिससे लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दहिसर ईस्ट और अंधेरी वेस्ट के बीच मेट्रो लाइन पर तकनीकी खराबी आने से सेवाएं करीब 90 मिनट तक बाधित रहीं।

मुंबई एयरपोर्ट पर भी मौसम का असर साफ दिखाई दिया। सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच कम से कम चार उड़ानों को डायवर्ट किया गया, जबकि 12 से 13 विमानों को गो-अराउंड करना पड़ा। इंडिगो ने यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी है।

शहर के कई इलाकों में जलभराव

भारी बारिश के चलते अंधेरी सबवे को जलभराव के कारण बंद कर दिया गया है। भांडुप में एक निर्माणाधीन स्थल ढहने की घटना सामने आई है। नवी मुंबई की सब्जी मंडी, सनपाड़ा अंडरपास, दादर के मीनाताई ठाकरे बाजार, सायन गांधी मार्केट, वसई-विरार के तुलिंज और अलायंस अस्पताल रोड सहित कई इलाकों में पानी भर गया है। दादर में एक पेड़ गिरने की भी घटना हुई है।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें, मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक अपडेट का पालन करें तथा जलभराव वाले इलाकों में जाने से परहेज करें। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m