कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर से खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य से जुड़ा एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक मामला सामने आया है। शहर के प्रसिद्ध ‘सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट’ पर प्रशासनिक टीम ने छापामार कार्रवाई की है, जिसमें बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रेस्टोरेंट के किचन में बाथरूम के पानी से खाना बनाया जा रहा था और उसी गंदे पानी से सब्जियां धोई जा रही थीं। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से रेस्टोरेंट को सील कर दिया है और उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है।

बाथरूम के पानी से बन रहा था खाना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट के किचन में अचानक दबिश दी। निरीक्षण के दौरान वहां की व्यवस्थाएं देखकर अधिकारी भी सन्न रह गए। किचन में खाना पकाने और सब्जियों को धोने के लिए साफ पानी की बजाय सीधे बाथरूम के पानी का इस्तेमाल किया जा रहा था। आम जनता की सेहत के साथ खुलेआम किए जा रहे इस बड़े खिलवाड़ को देखकर प्रशासनिक अमले ने कड़ी आपत्ति जताई।

रेलवे में भी होती थी इस खाने की सप्लाई

जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि इस रेस्टोरेंट में तैयार होने वाला खाना केवल स्थानीय ग्राहकों तक सीमित नहीं था, बल्कि यहाँ से रेलवे में भी भोजन की सप्लाई की जाती थी। यात्रियों की सेहत को ताक पर रखकर इस तरह के अस्वच्छ माहौल में खाना परोसे जाने की बात सामने आने के बाद रेलवे महकमे में भी हड़कंप मच गया है।

प्रशासन की सख्त कार्रवाई: रेस्टोरेंट सील, सैंपल जब्त

अनियमितताओं और भारी गंदगी को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत सख्त कदम उठाए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से सिद्धि विनायक रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित (Suspend) कर दिया है। प्रशासनिक टीम ने रेस्टोरेंट को पूरी तरह से सील कर दिया है। अधिकारियों ने मौके से पनीर, दाल और चावल समेत अन्य खाद्य पदार्थों के संदेहास्पद सैंपल लेकर जांच के लिए स्टेट लेबोरेटरी भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m