शब्बीर अहमद/कुमार इंदर, भोपाल/जबलपुर। मध्य प्रदेश में आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। भोपाल और जबलपुर में हुई ताबड़तोड़ कार्रवाइयों से हड़कंप मचा हुआ है।
दरअसल राजधानी भोपाल में दूषित और घटिया खाद्य सामग्री मिलने के मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताज़ा मामला शहर के जाने-माने मिष्ठान प्रतिष्ठान ’56 भोग’ का है, जहाँ से एक उपभोक्ता द्वारा खरीदे गए केक में फफूंद (Mold) पाई गई। ग्राहक की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच की और केक के सैंपल जब्त कर लैब परीक्षण के लिए भेजे हैं।
चावल के ब्रांड्स की जांच
गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रशासन की टीम ने शहर के कई अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान हनुमानगंज स्थित द्वारकादास दयालदास और जुमेराती स्थित प्रेमचंद दौलतराम से ‘रीवाज’ ब्रांड चावल तथा लालघाटी स्थित Ondoor से ‘Ondoor’ ब्रांड चावल के नमूने जांच हेतु लिए गए।
बदबू के बीच बन रहा था खाना
उधर जबलपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बस स्टैंड क्षेत्र के रेस्टोरेंट और होटलों में औचक निरीक्षण कर स्वच्छता की पोल खोल दी। चेकिंग के दौरान ‘दरबार रेस्टोरेंट’ के किचन और स्टोरेज एरिया में चारों तरफ कॉकरोच घूमते मिले। पूरे रेस्टोरेंट में भारी गंदगी और बदबू का आलम था। टीम ने मौके से पनीर का सैंपल लेकर लैब जांच के लिए भोपाल भेजा है। रेस्टोरेंट संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और चेतावनी दी गई है कि यदि सुधार नहीं हुआ, तो लाइसेंस सस्पेंड कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
तीन अन्य होटलों पर भी गाज
दीनदयाल बस स्टैंड स्थित होटल बगलामुखी, होटल माई की रसोई एवं शंकर होटल में भी जांच की गई। इन सभी जगहों पर अत्यंत अस्वास्थ्यकर (Unhygienic) परिस्थितियों के बीच भोजन और नाश्ता तैयार किया जा रहा था। टीम ने मौके से सैंपल एकत्र कर संचालकों को तत्काल सफाई और हाइजीन बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों और सामान्य दिनों में नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भोपाल और जबलपुर दोनों ही स्थानों पर लैब रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


