Zepto Dark Store Jaipur: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने जयपुर के प्रताप नगर स्थित Zepto के डार्क स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मिल्क चिलर में दूध फैला मिला और दुर्गंध आ रही थी। दीवारों में चूहों के छेद और कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र में गंदगी भी मिली। खाद्य एवं गैर-खाद्य सामग्री को एक साथ रखने समेत कई अन्य अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने करीब 25 किलो अवधिपार खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट कराई और कुछ खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए लिए।

मिल्क चिलर से लेकर कोल्ड स्टोरेज तक मिली गंदगी
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के मुताबिक निरीक्षण के दौरान मिल्क चिलर में दूध फैला हुआ मिला। वहां से दुर्गंध भी आ रही थी। स्टोर की दीवारों में चूहों के छेद पाए गए। कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र में भी साफ-सफाई की स्थिति मानकों के अनुरूप नहीं मिली। यहां खाद्य और गैर-खाद्य सामग्री एक साथ रखी हुई थी।
खाद्य पदार्थों के साथ मिलीं कीटनाशक की बोतलें
जांच के दौरान कीटनाशक स्प्रे की बोतलें भी खाद्य पदार्थों के साथ रखी मिलीं। शेल्फ की सफाई और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था को लेकर भी कमियां सामने आईं। इसके अलावा पैकेज्ड फ्रोजन नॉनवेज खाद्य पदार्थों को वेज खाद्य पदार्थों के साथ रखे जाने की बात भी जांच में सामने आई।
25 किलो अवधिपार सामान मौके पर नष्ट
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ और आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने यह कार्रवाई की। जांच के दौरान अलग करके रखी गई करीब 25 किलो अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। टीम ने सरसों तेल, मैगी नूडल्स, घी, पीनट नमकीन और हल्दी पाउडर के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं।
एक्सपायरी और शॉर्ट एक्सपायरी उत्पादों को लेकर शिकायतें
जांच के दौरान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उत्पादों की एक्सपायरी डेट प्रदर्शित नहीं करने से जुड़ी शिकायतों की जानकारी भी सामने आई। इसके अलावा शॉर्ट एक्सपायरी वाले उत्पादों की आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का भी उल्लेख किया गया। विभाग ने संबंधित फर्म को कमियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नोटिस जारी किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
3 से 16 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
राजस्थान में आमजन को सुरक्षित और पौष्टिक खानपान के प्रति जागरूक करने के लिए सही खानपान, स्वस्थ राजस्थान अभियान 3 से 16 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान का संदेश सुरक्षित खाएं-स्वस्थ रहें-स्थानीय खाएं-मिलावट को हराएं रखा गया है। इसके तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों, मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब, स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों के सहयोग से जागरूकता गतिविधियां होंगी।
स्कूलों में ईट राइट डे, मोबाइल लैब से होगी जांच
3 और 5 अक्टूबर को स्कूलों में ईट राइट डे के तहत स्वस्थ टिफिन, श्रीअन्न, हाथ धोने और फूड लेबल से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। वहीं 6 और 7 अक्टूबर को मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के जरिए खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान के आसान तरीके बताए जाएंगे। मौके पर खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच भी की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- हरदा में अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा: पत्नी के साथ अवैध संबंध के शक में पति ने ससुर संग मिलकर की थी हत्या, 2 गिरफ्तार
- घर के अंदर ही हुई हैवानियत! सगे भाई ने तार-तार किए रिश्ते, जब सच सामने आया तो उड़े होश
- पंचायत चुनाव के ऐलान के साथ राजस्थान पुलिस में बड़ा बदलाव, 14 IPS के तबादले; 4 जिलों में नए SP
- डॉक्टरों के स्टाइपेंड बढ़ाने का आदेश निकला फर्जी, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने किया खंडन
- जितिया स्नान के दौरान हादसा, छपरा के दरियावगंज घाट पर गहरे पानी में डूबीं एक ही परिवार की 2 बच्चियां

