भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (BPIA) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य का प्रीमियम विदेशी गांजा जब्त किया है। यह मादक पदार्थ थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक से इंडिगो की उड़ान के जरिए भुवनेश्वर लाया जा रहा था। इस मामले में डीआरआई ने 3 यात्रियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर तलाशी अभियान चलाया। जैसे ही बैंकॉक से आई इंडिगो की फ्लाइट के यात्री बाहर निकले, संदेह के आधार पर तीन यात्रियों के सामान की गहनता से जांच की गई। जांच के दौरान उनके ट्रॉली बैग और सामान में छुपाकर रखा गया 5 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला मैरिजुआना बरामद हुआ।
डीआरआई के अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए इस विदेशी मैरिजुआना का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य लगभग 2 करोड़ रुपये आंका गया है। अधिकारियों को अंदेशा है कि यह खेप किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है।

हिरासत में लिए गए तीनों यात्रियों से डीआरआई की विशेष टीम गुप्त स्थान पर पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह मादक पदार्थ बैंकॉक में किसने मुहैया कराया था और भुवनेश्वर में इसे किसकी सुपुर्दगी में दिया जाना था। क्या यह खेप ओडिशा के स्थानीय बाजारों के लिए थी या इसे किसी अन्य बड़े शहर में भेजा जाना था, इस दिशा में भी जांच आगे बढ़ रही है।
हाल के दिनों में भुवनेश्वर एयरपोर्ट के जरिए अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थों की तस्करी के बढ़ते मामलों को देखते हुए सीमा शुल्क और डीआरआई ने निगरानी कड़ी कर दी है।

