प्रतीक शर्मा, लोरमी। लोरमी वन परिक्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कन्हैया नाला बांध के पास अवैध रूप से रेत खनन कर ले जा रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी वाहन चालक ने ड्यूटी पर तैनात महिला वन अधिकारी एवं कर्मचारियों से अभद्रता करते हुए वाहन चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें: डिप्टी कलेक्टर पर दहेज उत्पीड़न का आरोप, शादी के दूसरे दिन ही पत्नी से मांगे 3 करोड़ और कार
जानकारी के मुताबिक, मुंगेली वनमंडलाधिकारी तन्मय कौशिक को मुखबिर से भरतपुर परिसर के आरक्षित वन क्षेत्र (कक्ष क्रमांक 556) में अवैध खनन की सूचना मिली थी। डीएफओ के निर्देश पर उपवनमंडलाधिकारी दशहंस प्रकाश सूर्यवंशी और लोरमी वन परिक्षेत्र अधिकारी जूही वर्मा की अगुवाई में वन विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात ही इलाके की घेराबंदी कर दी।

मौके पर लोरमी थाना के ग्राम चेचानडीह निवासी रमेश यादव पिता जन्तू यादव ट्रैक्टर और ट्रॉली के माध्यम से कन्हैया नाला से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर परिवहन करता पाया गया।
अभद्रता और जान से मारने की कोशिश
वन विभाग की टीम ने जब ट्रैक्टर को रोककर रेत के परिवहन के संबंध में दस्तावेज मांगे, तो चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन चालक ने मौके पर मौजूद महिला वन अधिकारी और कर्मचारियों से न केवल अभद्रता की, बल्कि वाहन को खतरनाक तरीके से चलाते हुए अधिकारियों पर चढ़ाने और उन्हें जान से मारने का प्रयास भी किया। हालांकि, वन अमले की सतर्कता से आरोपी के मंसूबे नाकाम हो गए।

सामग्री जब्त, राजसात की प्रक्रिया शुरू
इसके बाद परिसर रक्षक भरतपुर द्वारा स्थिति को संभालते हुए आरोपी वाहन चालक के कब्जे से अवैध रेत से भरा ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा अवैध खुदाई में प्रयुक्त 3 नग तसला और 2 नग फावड़ा जब्त किया गया।
मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जब्तशुदा वाहन और औजारों को उच्च तकनीकी केंद्रीय रोपणी तुलसाघाट पहुंचाया गया है। वन विभाग द्वारा जब्त वनोपज और वाहन को राजसात करने के लिए सक्षम प्राधिकारी के समक्ष कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
इस संपूर्ण कार्रवाई में उपवनमंडलाधिकारी दशहंस प्रकाश सूर्यवंशी, वन परिक्षेत्र अधिकारी जूही वर्मा, वनपाल मनोहर लाल यादव, वनपाल राजेश पाटले, वनरक्षक आशा यादव, वनरक्षक शंकर जोशी, वनरक्षक ललित कुमार बंजारे, प्रदीप ढीमर, सुरेश यादव, टुकेश्वर राठौर, कमलेश्वर मरावी तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

