राउरकेला: ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला स्थित दुर्गापुर पहाड़ी पर वन विभाग ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। दुर्गापुर रिजर्व फॉरेस्ट की जमीन पर अवैध कब्जे के आरोप में निलंबित भाजपा युवा नेता प्रकाश पासवान के कथित कार्यालय को ध्वस्त कर दिया गया है। यह कार्रवाई एक मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और वनकर्मियों की कड़ी सुरक्षा के बीच पूरी की गई।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दुर्गापुर पहाड़ी पर निर्माण के लिए 0.01 डेसिमल भूमि की अनुमति दी गई थी, लेकिन मौके पर 0.015 डेसिमल जमीन पर अवैध रूप से निर्माण किया गया था। निर्धारित सीमा से अधिक स्थान पर कब्जा किए जाने के कारण इसे रिजर्व फॉरेस्ट की भूमि पर अतिक्रमण माना गया।

राउरकेला के सहायक वन संरक्षक (ACF) गजेंद्र पाल सिंह माथुर ने बताया कि इस संबंध में पहले नोटिस जारी किया गया था और 31 अगस्त तक का समय दिया गया था। हालांकि, किसी भी व्यक्ति द्वारा नोटिस का जवाब न दिए जाने के बाद डीएफओ के निर्देशों पर इस निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। वन विभाग ने यह स्पष्ट किया कि यह कोई अधिकृत कार्यालय नहीं बल्कि वन भूमि पर किया गया अवैध कब्जा था।

उल्लेखनीय है कि प्रकाश पासवान को 27 अगस्त को बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार किया गया था। वह राउरकेला के सरकारी सर्किट हाउस कांड का मुख्य आरोपी है, जहां 15 अगस्त की सुबह दो सशस्त्र अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। प्रकाश पासवान पर अपराधियों को शरण देने का आरोप है और वह फिलहाल जेल में बंद है।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने मौके से दस्तावेज और अन्य सामान जब्त कर जब्ती सूची तैयार की है। इससे पहले प्रशासन द्वारा पासवान से जुड़े एक अन्य कार्यालय को भी सील किया जा चुका है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m