पश्चिम बंगाल में विधायकों के फर्जी हस्ताक्षर मामले में CID की जांच तेज हो गई है. इसी केस में तृणमूल कांग्रेस सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी रविवार को एक बार फिर CID मुख्यालय पहुंचे हैं, जहां उनसे पूछताछ की जाएगी. पूरा मामला विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति के लिए विधायकों के फर्जी दस्तखत करने के आरोपों से जुड़ा है. जांच एजेंसी के मुताबिक पिछली पूछताछ के दौरान अभिषेक द्वारा दिए गए जवाबों से जांच एजेंसी संतुष्ट नहीं थी इसलिए उन्हें दोबारा बुलाया गया है.
TMC विधायक कुणाल घोष को भी तलब किया गया
CID ने इसी केस में TMC विधायक कुणाल घोष को भी पूछताछ के लिए तलब किया है. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि दोनों नेताओं को आमने-सामने बैठाकर भी सवाल-जवाब किए जा सकते हैं. कुणाल घोष को दोपहर करीब 3 बजे भवानी भवन में CID अधिकारियों के सामने पेश होना है. अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े कुछ जरूरी दस्तावेज भी अभिषेक बनर्जी से मांगे गए हैं, ताकि जांच को आगे बढ़ाया जा सके.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, यह पूरा मामला विधानसभा सचिवालय को सौंपे गए एक पत्र से जुड़ा है, जिसमें शोभनदेव चट्टोपाध्याय के समर्थन का जिक्र था. शिकायत में कहा गया कि TMC विधायक नयना बनर्जी के हस्ताक्षर, जो उन्होंने विधायक पद की शपथ के समय किए थे, पत्र पर मौजूद हस्ताक्षर से मेल नहीं खा रहे थे. वहीं, TMC पहले भी इस तरह के आरोपों को राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताती रही है. दूसरी तरफ जांच एजेंसी अपनी प्रक्रिया के तहत बयान और दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

