Lifestyle Desk :- नवरात्रि के व्रत में रोज-रोज साबूदाने की खिचड़ी, फलाहारी पकौड़े या आलू खाकर अगर आप भी बोर हो गई हैं, तो इस बार कुछ अलग बनाकर देखें। व्रत के दौरान समा के चावल से बनी इडली एक अच्छा विकल्प हो सकती है। यह हल्की, नरम और खाने में स्वादिष्ट होती है। इसे सुबह के नाश्ते से लेकर शाम के खाने तक कभी भी बनाया जा सकता है।समा के चावल को कई जगह व्रत के चावल या व्रत वाले चावल भी कहा जाता है। इससे आप केवल खिचड़ी ही नहीं, बल्कि कई तरह के व्यंजन बना सकती हैं। अगर आप व्रत में कुछ अलग खाने का मन बना रही हैं, तो समा की इडली जरूर आजमाएं।आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।

सामग्री
समा के चावल-1 कप
साबूदाना-आधा कप
दही-आधा कप
सेंधा नमक -स्वादानुसार
जरूरत के अनुसार पानी
थोड़ा सा घी
ऐसे तैयार करें इडली का घोल
विधि
1-सबसे पहले समा के चावल और साबूदाने को अलग-अलग धोकर 4 से 5 घंटे के लिए भिगो दें। अच्छी तरह फूलने के बाद दोनों को पानी से निकाल लें।
2-अब समा के चावल और साबूदाने को मिक्सर में डालकर पीस लें। इसमें दही डालकर एक बार फिर अच्छी तरह मिला लें। तैयार घोल को किसी बर्तन में निकालकर कुछ घंटे के लिए ढककर रख दें, ताकि इसमें हल्का खमीर आ सके।
3-इडली बनाने से पहले घोल की गाढ़ापन जांच लें। जरूरत लगे तो थोड़ा पानी मिलाएं। आखिर में सेंधा नमक डालकर अच्छी तरह मिला दें।
4-इडली के सांचे में हल्का सा घी लगाएं। अब हर खाने में तैयार घोल भरें। इडली बनाने वाले बर्तन में पानी गर्म करें और सांचे को उसके अंदर रख दें।
5-इडली को मध्यम आंच पर करीब 10 से 15 मिनट तक भाप में पकाएं। जब इडली अच्छी तरह फूल जाए और पक जाए, तो गैस बंद कर दें। कुछ मिनट ठंडा होने के बाद चाकू या चम्मच की मदद से इडली को सांचे से निकालें।
6-गरमागरम समा की इडली तैयार है। इसे आप व्रत वाली नारियल की चटनी, दही या धनिया-पुदीने की फलाहारी चटनी के साथ परोस सकती हैं।
व्रत में बदल जाएगा खाने का स्वाद
नवरात्रि के दौरान एक ही तरह के व्यंजन बार-बार खाने से कई बार स्वाद बदलने का मन करता है। ऐसे में समा की इडली रोज की साबूदाना खिचड़ी और पकौड़ों से एक स्वादिष्ट बदलाव दे सकती है। इसे बनाने में बहुत ज्यादा तेल की भी जरूरत नहीं पड़ती।अगर आप व्रत में कुछ हल्का और अलग खाना चाहती हैं, तो एक बार समा की इडली जरूर बनाकर देखें। घर के बच्चों और बड़ों को भी इसका स्वाद पसंद आ सकता है।

