चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने आतंकवाद से जुड़े मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए राज्य में एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) का गठन कर दिया है। इस संबंध में गृह विभाग ने बुधवार को अधिसूचना जारी की।
जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल की मंजूरी के बाद अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) के तहत एक विशेष एजेंसी के रूप में एटीएस का गठन किया गया है। यह इकाई आतंकवाद से संबंधित गतिविधियों की रोकथाम, जांच और कार्रवाई का कार्य करेगी।
सरकार ने एटीएस का मुख्यालय पंचकूला में स्थापित करने का निर्णय लिया है। एटीएस का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) स्तर का अधिकारी करेगा, जो सीआईडी प्रमुख के माध्यम से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को रिपोर्ट करेगा।
गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि नई एजेंसी के गठन से राज्य की आतंकवाद विरोधी क्षमता को और मजबूती मिलेगी तथा सुरक्षा चुनौतियों का प्रभावी तरीके से सामना किया जा सकेगा।
पंचकूला और गुरुग्राम में बनाए गए एटीएस थाने
आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच को सुचारू बनाने के लिए सरकार ने पंचकूला और गुरुग्राम में दो एटीएस पुलिस थानों की स्थापना भी की है।पंचकूला एटीएस थाना पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, कैथल, हिसार, हांसी, फतेहाबाद, जींद, सिरसा, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच करेगा।
वहीं गुरुग्राम एटीएस थाना सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों में आतंकवाद संबंधी मामलों की निगरानी और जांच की जिम्मेदारी संभालेगा।सरकार का मानना है कि एटीएस के गठन से राज्य में आतंकवाद और संगठित सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए एक विशेष और सक्षम तंत्र विकसित होगा, जिससे कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

