ODISHA DESK, भुवनेश्वर: ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता (LoP) नवीन पटनायक ने भारत के दिग्गज निशानेबाज और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जसपाल राणा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में पटनायक ने जसपाल राणा को एक बेहतरीन निशानेबाज और मार्गदर्शक (मेंटर) बताया, जिन्होंने अपनी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों से देश का नाम रोशन किया।

नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा- “दिग्गज निशानेबाज, एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता और मेंटर जसपाल राणा के निधन से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने अपनी खेल उपलब्धियों से देश को गौरवान्वित किया और खिलाड़ियों की एक पूरी पीढ़ी को प्रेरित किया। उनका जाना खेल जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। “उन्होंने शोक संतप्त परिवार, दोस्तों और दिवंगत निशानेबाज के प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

गौरतलब है कि जसपाल राणा भारतीय पिस्तौल निशानेबाजों के लिए ‘हाई-परफॉर्मेंस कोच’ के रूप में कार्यरत थे। म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ (ISSF) विश्व कप से भारत लौटते समय उन्होंने अस्वस्थता महसूस की थी। नई दिल्ली पहुंचने के बाद उन्हें साकेत के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों ने उनके दिल में ब्लॉकेज की पहचान की थी और एक स्टेंट डाला था। आने वाले दिनों में एक और स्टेंट प्रक्रिया की जानी थी। शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया था कि उनकी स्थिति स्थिर थी और वे रिकवर कर रहे थे, लेकिन शुक्रवार सुबह उनके निधन की दुखद खबर सामने आई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m