Odisha Desk, भुवनेश्वर: ओडिशा में स्कूली पाठ्यपुस्तकों में छपाई की भारी गलतियों को लेकर सियासत गरमा गई है। बीजू जनता दल के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मंगलवार को राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि सरकार की इस लापरवाही ने राज्य के लाखों छात्रों के पवित्र भरोसे को चकनाचूर कर दिया है।
नवीन पटनायक ने बच्चों के जीवन में पाठ्यपुस्तकों के महत्व को रेखांकित करते हुए लिखा, “स्कूली किताबें सिर्फ किताबें नहीं होतीं। हर बच्चे के लिए वे सच्चाई का पहला स्रोत होती हैं। एक बच्चा कई चीजों पर सवाल उठा सकता है, लेकिन स्कूल की किताब में छपे शब्दों पर कभी संदेह नहीं करता।”
उन्होंने आगे कहा कि किताबों में लिखे शब्द बच्चों के लिए पूर्ण विश्वास और अटूट आस्था की तरह होते हैं। इन पाठ्यपुस्तकों के माध्यम से ही एक पूरी पीढ़ी न केवल तथ्यों को सीखती है, बल्कि व्यवस्था और समाज के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत होता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर ‘घोर लापरवाही’ और ‘अत्यधिक उपेक्षा’ का आरोप लगाते हुए कहा कि जब इस तरह के भरोसे के साथ समझौता किया जाता है, तो नुकसान किसी प्रिंटिंग मिस्टेक (छपाई की गलती) से कहीं आगे निकल जाता है। यह सीधे हमारे बच्चों के भविष्य की नींव पर चोट करता है।
उन्होंने सरकार के रवैये की आलोचना करते हुए लिखा:
“ओडिशा की भाजपा सरकार द्वारा स्कूली पाठ्यपुस्तकों को लेकर की गई लापरवाही ने उस पवित्र विश्वास को धोखा दिया है। इसके शिकार लाखो छात्र हैं, जो ओडिशा की आने वाली पीढ़ी और कल के कर्णधार हैं। गलतियों से भरी किताबें छापना और फिर उन्हें वापस लेने के फैसले पर बार-बार पलटना (Flip-Flop), बच्चों के कल की नींव को हिला रहा है।
नवीन पटनायक ने पूछा- कौन लेगा इसकी जिम्मेदारी?
नवीन पटनायक ने सरकार की निर्णय लेने की क्षमता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार शायद अगले संस्करण में इन गलतियों को सुधार ले, लेकिन निर्दोष छात्रों के भरोसे को जो ठेस पहुंची है, उसकी जवाबदेही कौन तय करेगा? उन्होंने पूछा कि पूरी पीढ़ी का विश्वास तोड़ने के इस प्रयास के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया जाएगा?
गौरतलब है कि ओडिशा में नए सत्र के लिए बांटी गईं स्कूली किताबों में कई गंभीर गलतियां सामने आई हैं, जिसके बाद से ही राज्य में विपक्षी दलों और अभिभावकों द्वारा लगातार कड़ा विरोध दर्ज कराया जा रहा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

